वैश्विक उत्सव के रूप में विकसित हो चुका है अंतरराष्ट्रीय योग दिवस : केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव

नई दिल्ली/एजेंसी। केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव ने शुक्रवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस अब कल्याण के एक वैश्विक उत्सव के रूप में विकसित हो चुका है। योग केवल एक जीवनशैली अभ्यास नहीं है, बल्कि एक शक्तिशाली अनुशासन है जो मानसिक स्पष्टता, शारीरिक स्वास्थ्य और भावनात्मक संतुलन को बढ़ावा देता है।
जाधव यहां विज्ञान भवन में ‘योग महोत्सव–2026’ के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।। इस अवसर पर उन्होंने “गैर-संक्रामक रोगों और लक्षित समूहों के लिए 10 योग प्रोटोकॉल” लॉन्च किया, जिसे विभिन्न आयु समूहों और स्वास्थ्य स्थितियों वाले लोगों के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि गैर-संक्रामक रोगों और लक्षित समूहों के लिए 10 योग प्रोटोकॉल अलग-अलग उम्र और जीवन के अलग-अलग पड़ावों पर मौजूद लोगों के लिए डिज़ाइन किए गए हैं, ताकि वे अपनी सेहत की ज़्यादा जिम्मेदारी ले सकें, अपनी शारीरिक और मानसिक मजबूती बढ़ा सकें और अपने जीवन की समग्र गुणवत्ता में सुधार कर सकें।
जाधव ने “हवाई यात्रा के लिए योग” प्रोटोकॉल भी लॉन्च किया। यह एक खास तौर पर डिज़ाइन किया गया पाँच मिनट का रूटीन है, जिसमें बैठकर किए जाने वाले योग अभ्यास, साँस लेने के व्यायाम और छोटा सा ध्यान शामिल है। विशेषज्ञों द्वारा तैयार किए गए इस प्रोटोकॉल का मकसद हवाई यात्रा के दौरान यात्रा से जुड़े तनाव को कम करना, रक्त संचार को बेहतर बनाना, मांसपेशियों की तकलीफ को दूर करना और मानसिक शांति को बढ़ावा देना है।





