कुरुक्षेत्र जिले के लोगों को 100 बैड के नए नागरिक अस्पताल में मिलेंगी बेहतर चिकित्सा सुविधाए : सुभाष सुधा

कुरुक्षेत्र/ हरियाणा। शहरी स्थानीय निकाय राज्यमंत्री सुभाष सुधा के विशेष प्रयासों से लोगों को ओर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने वाली है। एलएनजेपी अस्पताल में 100 बैड का नया अस्पताल फेस 2 के तहत यह सुविधा मिलेंगी और इस कार्य के तहत 8 मंजिला भवन बनकर तैयार होगा। इस कार्य के तहत 88.52 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति है। कार्य के अनुरूप 36 करोड़ रुपए के सिविल वर्क के टेंडर हो चुके है। जल्द ही यहां पर कार्य शुरु हो जाएगा।
शहरी स्थानीय निकाय राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने बताया कि चिकित्सा के क्षेत्र में प्रदेश सरकार द्वारा निरंतर कार्य किए जा रहे है। लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलें, इसके लिए सभी चिकित्सा सुविधाएं आमजन को उपलब्ध करवाने का काम किया जा रहा है। लोकनायक जयप्रकाश सिविल अस्पताल में प्रथम चरण के तहत 100 बैड के अस्पताल की सुविधा लोगों को मिल रही है। अब लोगों को दूसरे चरण के तहत 100 बैड के नए अस्पताल की सुविधा मिलेंगी। निसंदेह इस सुविधा के मिलने से लोगों को काफी फायदा होगा और उन्हें अपने इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने यह भी बताया कि आज हरियाणा के प्रत्येक नागरिक अस्पताल में सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है। कुरुक्षेत्र जिले के लोगों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलें, इसके लिए वह प्रयासरत है। पहले चरण में उन्होंने यहीं पर 100 बैड की चिकित्सा सुविधा लोगों को उपलब्ध करवाने का काम किया और अब दूसरे चरण के तहत 100 बैड के नए अस्पताल की सौगात लोगों को मिलेंगी। उन्होंने 100 बैड के नए अस्पताल की सौगात देने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह का आभार व्यक्त किया है।
कार्यकारी अभियंता राजकुमार ने बताया कि राज्यमंत्री के विशेष प्रयासों से यह सौगात लोगों को मिलने जा रही है। उन्होंने बताया कि अस्पताल के प्रांगण में जो पुरानी बिल्डिंग है, उसे तोडक़र यहां पर 100 बैड का नया अस्पताल बनाया जाएगा। इसी के तहत 36 करोड़ रुपए के सिविल वर्क के टेंडर हो चुके है और बाकी कार्य के भी टेंडर औपचारिकताएं पूरी होते ही हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि यहां पर 8 मंजिला भवन बनेगा, जिसमें आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होगी। बेसमेंट के तहत बिजली पैनल रुम, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, पार्किंग की सुविधा, एचवीएसी प्लांट रुम व फायर डक्ट आदि सुविधाएं होगी। इसी प्रकार ग्राउंड फ्लोर पर एएचयू रुम, पेंट्री, सैंपल कलेक्शन रुम, अर्श क्लीनिक, ओपीडी, लैप्रोस्कोपी रुम, ड्रेसिंग रुम, डेंटल ओपीडी, एमएलआर रुम आदि शामिल है।
उन्होंने बताया कि प्रथम तल पर एएचयू रुम, ओपीडी, पंजीकरण, रिकॉर्ड रुम, दूसरे तल पर एएचयू रुम, लेबर वार्ड, आईसोलेशन रुम, वेंटिलेटर रुम, बोर्न यूनिट आदि सुविधाएं, तृतीय तल पर ब्लड बैंक, आईसीयू वार्ड, डायलिसिस वार्ड, नर्स व डाक्टर रुम, चतुर्थ तल पर 3 आप्रेशन थियेटर, एएचयू, आईसीयू, एचडीयू आदि, पांचवे तल पर एएचयू रुम, नर्स सैक्शन, डाक्टर रुम, छटे तल पर निजी रुम, पेंट्री स्टोर, नाईट डयूटी रुम, डाक्टर लांज, सातवें तल पर एएचयू, कार्यालय रुम, पेंट्री, स्टोर, आठवें तल पर मशीन रुम व ममटी आदि होगी। इसके साथ-साथ इस भवन में 6 लिफ्ट, रैंप के साथ अन्य सुविधाएं शामिल होंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button