दिल्ली में बेखौफ बदमाश! शास्त्री पार्क फ्लाईओवर पर कारोबारी से 80 लाख की लूट

गोली मारकर फरार हुए आरोपी

दिल्ली ब्यूरो। उत्तर पूर्वी जिले में बदमाशों का दुस्साहस बढ़ता जा रहा है। सोमवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने शास्त्री पार्क फ्लाईओवर पर गोली मारकर मनी ट्रांसफर कारोबारी व उसके कर्मचारी से 80 लाख रुपये लूट लिए। रकम लूटने के बाद बदमाश कश्मीरी गेट की तरफ फरार हो गए। हाथ पर गोली लगने से कर्मचारी घायल हो गया, जबकि कारोबारी की जान बाल-बाल बच गई।
घायल अकील का जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में इलाज चल रहा है। कारोबारी शाहिद की शिकायत पर शास्त्री पार्क थाना ने लूट, हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है। दिनदहाड़े हुई इस लूट ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दीं। सवाल खड़े किए आखिर पुलिस इन बदमाशों पर नकेल क्यों नहीं कस पा रही है। इस साल यमुनापार में यह सबसे बड़ी लूट की वारदात है।
शाहिद का न्यू उस्मानपुर तीसरे पुश्ते पर मनी ट्रांसफर का काम है। उनके साथ अकील भी काम करता है। शाहिद ने पुलिस को बताया कि वह करीब 80 लाख रुपये बैग में रखकर स्कूटी से अपने कर्मचारी अकील के साथ जा रहे थे। उन्हें सदर बाजार से होते हुए रकम लेकर गुरुग्राम जाना था।
जब वह उस्मानपुर से दिल्ली सहारनपुर हाइवे होते हुए शास्त्री पार्क फ्लाईओवर पर पहुंचे। तभी अपाचे बाइक पर हेलमेट लगाए दो बदमाश आए और ओवरटेक करके उनकी स्कूटी रोक ली। एक बदमाश ने उनपर पिस्टल तान दी और रकम से भरा बैग मांगने लगा।
जब काराेबारी व उसके कर्मचारी ने विरोध किया तो बदमाश ने करीब चार राउंड गोलियां चला दी। एक गोली कर्मचारी के हाथ पर जा लगी। जबकि दूसरी गोली कारोबारी के मोबाइल को छूते हुए निकल गई। जबरन रकम लूटने के बाद बदमाश फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस लूट से कारोबारी में दहशत है।
आशंका जताई जा रही है बदमाशों ने रेकी करके वारदात को अंजाम दिया है। उस जगह पर वारदात को अंजाम दिया है, जहां पर भीड़ कम होती है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि बदमाश उस्मानपुर के हो सकते हैं। बदमाशों को पता था कि कारोबारी इतनी बड़ी रकम को स्कूटी से लेकर जा रहा है। कारोबारियों के दोस्तों व परिचितों की जानकारी पुलिस जुटा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button