दिल्ली के ब्रह्मपुरी क्षेत्र में जर्जर मकान की छत गिरी
बुजुर्ग महिला की मौत और पोता गंभीर रूप से घायल

पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के ब्रह्मपुरी क्षेत्र में जर्जर मकान की छत गिरने से दादी-पोते दब गए। घायल हालत में दोनों को जीटीबी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां महिला की इलाज के दौरान मंगलवार रात को मौत हो गई। मृतक की पहचान नीना वर्मा के रूप में हुई है। इनके 13 वर्षीय पोते निशांत का अस्पताल में इलाज चल रहा है। न्यू उस्मानपुर थाना ने लापरवाही से मौत की धारा में केस दर्ज किया है। परिवार का आरोप है कि मकान मालिक कहने के बाद भी घर की मरम्मत नहीं करवा रहा था। नीना वर्मा अपने परिवार के साथ गली नंबर-दो, ब्रह्मपुरी में किराये पर रहती थी। परिवार में बेटा, बहू व तीन पोते हैं। उनका बेटा बीमार रहता है। बुजुर्ग घरेलू सहायिका का काम करती थी।
परिवार ने बताया कि सोमवार रात को वह अपने पोते नीना वर्मा के साथ एक कमरे में सो रही थी। बाकी परिवार के सदस्य दूसरे कमरे में थे। जिस कमरे में बुजुर्ग सो रही थी, तभी मकान की छत गिरने से वह और उनका पोता दब गया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। परिवार का कहना है कि मकान मालिक को कई बार मरम्मत करवाने के लिए कहा गया था। लेकिन उसने नहीं करवाई। समय पर मरम्मत करवाई होती तो बुजुर्ग की जान बच जाती।




