शिकार के चक्कर में गहरे कुएं में गिरा शेर, वन विभाग ने बचाई ‘जंगल के राजा’ की जान

गुजरात के गिर-सोमनाथ जिले के ऊना तालुका में वन विभाग ने एक शेर को कुएं से सफलतापूर्वक बचाया। शिकार की तलाश में खेत में गिरा शेर एक घंटे से भी कम समय में सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
गिर-सोमनाथ/गुजरात। गिर-सोमनाथ जिले की ऊना तालुका में, वन विभाग की टीम ने एक शेर को सफलतापूर्वक बचा लिया है। यह शेर खेत में बने एक कुएं में गिर गया था, जिसके बाद उसे बचाकर जंगल में छोड़ दिया गया। जानकारी के अनुसार, शेर शिकार की तलाश में खेत में आया था और फिर कुएं में गिर गया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसके साथ ही गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने सोशल मीडिया पर इस वीडियो को पोस्ट करते हुए, इस बचाव अभियान की जमकर तारीफ की है।
वन विभाग को सूचना मिली थी कि एक शेर कुएं में गिर गया है। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की और काफी मशक्कत के बाद, एक घंटे से भी कम समय में, शेर को कुएं से सुरक्षित बाहर निकालकर एक पिंजरे में डाल दिया गया। फिलहाल, शेर के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि कुएं में गिरते समय उसे कोई गंभीर चोट तो नहीं आई है।
एक वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वन विभाग के अधिकारी एक रस्सी की मदद से शेर को बांधकर कुएं से बाहर खींच रहे हैं; वहीं, शेर भी लगातार अपने पंजों का सहारा ले रहा है, मानो वह बाहर निकलने में पूरी तरह से सहयोग कर रहा हो। इस तरह, आखिरकार शेर को सुरक्षित बचा लिया गया।




