बॉर्डर पर तस्करी की कोशिश नाकाम, हथियार-गोला-बारूद और दो किलो हेरोइन जब्त, पंजाब पुलिस का बड़ा एक्शन

चंडीगढ़/एजेंसी। पंजाब पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ मिलकर फाजिल्का जिले में सीमा पार से हो रही हथियारों, गोला-बारूद और नशीले पदार्थों की तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में हेरोइन और हथियार बरामद हुए हैं। बीएसएफ के जवानों ने भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश कर रहे पाकिस्तानी तस्करों पर गोलियां भी चलाईं।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि फरीदकोट पुलिस की काउंटर-इंटेलिजेंस इकाई ने बीएसएफ के साथ समन्वय में फाजिल्का के तेजा राहेला गांव के पास सीमा पार तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया और हथियारों व गोला-बारूद के साथ हेरोइन की एक बड़ी खेप बरामद की।
पुलिस प्रमुख ने बताया कि पुलिस ने एक गफ्फार पिस्तौल, 20 अन्य पिस्तौल, 39 मैगजीन, 310 गोलियां, दो बैग और 2.160 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। डीजीपी ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि ‘जीरो लाइन’ के पास सक्रिय पाकिस्तानी तस्करों ने घने कोहरे और रात में अंधेरे का फायदा उठाकर भारतीय क्षेत्र में हथियार और नशीले पदार्थ पहुंचाए।
उन्होंने कहा कि बीएसएफ के जवान हाई अलर्ट पर थे, उन्होंने घुसपैठ को रोकने के लिए कई राउंड गोलिया चलाईं, जिसके बाद एक संयुक्त तलाशी अभियान में हथियारों और मादक पदार्थों की बरामदगी की गई। यह संयुक्त कार्रवाई सीमा सुरक्षा को मजबूत करने और राष्ट्र विरोधी तत्वों पर नकेल कसने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button