गुरुग्राम में लव जिहाद केस में दो आरोपी गिरफ्तार
हिंदू लड़की से प्रेम विवाह और धर्म परिवर्तन की साजिश का खुलासा

गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम जिले में सामने आए लव जिहाद मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना सेक्टर-14 की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी व उसके साथी सहित दो आरोपियों को गांव धुनेला, गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। दोनों की पहचान आरिफ उर्फ फर्जी आरव (35 वर्ष) और तारीफ (34 वर्ष) निवासी गांव धुनेला, गुरुग्राम के रूप में हुई है। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में कबूल किया कि आरोपी तारीफ पहले आरिफ के यहां ड्राइवर का काम करता था और वर्ष-2022 में आरोपी आरिफ ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करता था। दोनों ने मिलकर योजना बनाकर पीड़िता को इंश्योरेंस पॉलिसी के माध्यम से संपर्क में लाकर फर्जी पहचान के जरिए प्रेमजाल में फंसाया। इसके बाद मंदिर में विवाह किया और बाद में जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि एक युवक ने खुद को हिंदू बताकर उससे प्रेम संबंध बनाए, मंदिर में विवाह किया और संतान होने के बाद अपनी असली पहचान मुस्लिम बताकर उस पर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। पीड़िता ने युवक, उसके परिजनों और सहयोगियों पर मारपीट, धमकी, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2022 में वह गुरुग्राम के सेक्टर-15 पार्ट-दो स्थित एक ऑटो मोबाइल वर्कशॉप में इंश्योरेंस विभाग में कार्यरत थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात तारीफ खान नामक युवक से हुई, जिसने उसे अपने मालिक आरव के रूप में परिचित कराए गए आरिफ खान से मिलवाया।
आरोप है कि आरिफ ने खुद को अविवाहित, हिंदू और ठेकेदारी व्यवसाय से जुड़ा बताया। महिला और उसके परिवार का विश्वास जीतने के बाद उसने विवाह का वादा किया। आगे बताया गया कि आरिफ महिला को सोहना–पलवल रोड स्थित एक मंदिर ले गया, जहां हिंदू रीति-रिवाज से माला बदलकर और सिंदूर लगाकर विवाह किया गया। इसके बाद दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे। कुछ समय बाद महिला गर्भवती हो गई। इसके बाद आरोपी ने अपनी पहचान उजागर कर महिला पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। वहीं, अब पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।




