17 अक्तूबर को फतेहपुर जाएंगे राहुल गांधी, हरिओम वाल्मीकि के परिजनों से करेंगे मुलाकात

लखनऊ/एजेंसी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 अक्तूबर को फतेहपुर जाएंगे। वह रायबरेली में पिटाई से दम तोड़ने वाले हरिओम वाल्मीकि के परिजनों से मिलेंगे। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी दिल्ली से कानपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां कार से फतेहपुर के लिए रवाना होंगे। वह सदर कोतवाली के तुराब अली का पुरवा निवासी हरिओम वाल्मीकि के परिजनों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद पार्टी नेताओं से मुलाकात करेंगे। कांग्रेस दलितों के मुद्दों को लेकर लगातार गंभीरता दिख रही है। दलितों को जोड़ने के लिए कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय प्रदेश में होने वाली दलित उत्पीड़न की हर घटना पर खुद मौके पर जा रहे हैं।
रायबरेली में फतेहपुर निवासी हरिओम वाल्मीकि की जिस वक्त कुछ लोग पिटाई कर रहे थे, उसने राहुल गांधी का नाम लेते हुए गुहार लगाई थी। इसके बाद कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल हरिओम वाल्मीकि के घर पहुंचा। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी और संसद राकेश राठौर परिजनों को आर्थिक मदद देने जा रहे थे किंतु पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। अब राहुल गांधी खुद फतेहपुर जाकर हरिओम वाल्मीकि के परिजनों से मिलेंगे। बाद में प्रदेश सरकार के दो मंत्रियों राकेश सचान और असीम अरुण ने पीड़ित के घर जाकर मुलाकात की थी। उसी शाम पीड़ित की पत्नी ने सीएम योगी से मुलाकात की थी। इस मामले में अब तक 12 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।




