सोनम ने राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश में शामिल होने की बात कबूली, सबूत देखकर रो पड़ी
Sonam confessed to being involved in the conspiracy to murder Raja Raghuvanshi, cried after seeing the evidence

शिलांग/इंदौर। मेघालय में हुए चर्चित हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। पूछताछ के दौरान सोनम रघुवंशी ने अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश में शामिल होने की बात कबूल कर ली है। सूत्रों के मुताबिक, शिलांग में पुलिस ने जब वारदात से जुड़े पुख्ता सबूत सोनम के सामने रखे तो वह फूट-फूटकर रो पड़ी। इसके बाद उसने जुर्म स्वीकार कर लिया। मेघालय पुलिस ने पूछताछ के दौरान सोनम रघुवंशी और राज कुशवाहा का आमना-सामना कराया। उसे पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया गया। बता दें कि मेघालय पुलिस की एसआईटी राजा रघुवंशी मर्डर केस की जांच कर रही है। अब मेघालय पुलिस पूरे क्राइम सीन को रीक्रिएट करने की तैयारी कर रही है।
बताया जा रहा है कि पुलिस को घटनास्थल से कुछ डिजिटल सबूत, कॉल रिकॉर्ड्स और व्हाट्सऐप चैट्स भी मिले हैं, जो हत्या की साजिश को सिद्ध करते हैं। गौरतलब है कि इंदौर निवासी राजा और सोनम रघुवंशी हनीमून मनाने मेघालय गए थे। वहां रहस्यमयी परिस्थितियों में राजा की मौत हो गई थी, जिसके बाद मामला हत्या में तब्दील हो गया। मेघालय पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए सोनम और उसके कथित प्रेमी राज कुशवाहा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी। अब सोनम के कबूलनामे के बाद केस में निर्णायक मोड़ आ गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएगी और साजिश में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।
ईस्ट खासी हिल्स जिले के पुलिस अधीक्षक विवेक सिम ने कहा कि मेघालय पुलिस ने जांच को ‘ऑपरेशन हनीमून’ नाम दिया है और इंदौर तथा गाजीपुर में आरोपियों के घरों एवं अन्य स्थानों से साक्ष्य जुटाए हैं। सोनम और उसके साथियों को पिछले महीने राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश रचने में भूमिका के आरोप में मध्य प्रदेश के इंदौर और उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने बताया कि एसआईटी ने इंदौर से गिरफ्तार आरोपियों को छह दिन और गाजीपुर से गिरफ्तार एक आरोपी को तीन दिन की रिमांड पर लिया है। रघुवंशी और उनकी पत्नी 23 मई को मेघालय के सोहरा इलाके में छुट्टियां मनाते समय लापता हो गए थे। रघुवंशी का शव दो जून को एक खाई में मिला था।




