नागपुर में आरडीएक्स बनाने वाली सोलर कंपनी में बड़ा धमाका, एक मजदूर की मौत और 17 घायल
विस्फोटक निर्माण फ़ैक्टरीज की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

नागपुर/महाराष्ट्र। नागपुर जिले में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक विस्फोटक फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि जिले के बाजारगांव स्थित सोलर एक्सप्लोसिव्स की आरडीएक्स यूनिट में रात करीब 12:30 बजे विस्फोट हुआ। पुलिस के अनुसार, 25 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। एनसीपी (शरद पवार) नेता और राज्य के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख ने अस्पताल में घायलों से मुलाकात की।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सोलर एक्सप्लोसिव्स के PP-15 यूनिट के CB-1 प्लांट में हुआ। यहां HMX, TNT और RDX जैसे विस्फोटक बनाए जाते हैं। बताया जा रहा है कि काम के दौरान प्लांट में धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया। इस वजह से एक बड़ी त्रासदी टल गई। यह ब्लास्ट देर रात करीब एक बजे के आसपास हुआ है। जानकारी के मुताबिक, जिस दौरान सोलर कंपनी में ब्लास्ट हुआ तब 900 से 6000 लेबर कंपनी में कार्यरत थे। ब्लास्ट काफी बड़ा बताया जा रहा है। आरएनडी लैब में मौजूद मयूर नामक कर्मचारी हादसे का शिकार हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि मलबे और इमारत के टुकड़े 400 से 500 मीटर की दूरी तक बिखर गए।
छह घायल कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया। फिलहाल कुछ घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। घायलों में कैलास वर्मा, मनीष वर्मा, सनी कुमार, अरुण कुमार, अतुल मडावी, सौरभ डोंगरे, तेजस बांधते, सुरज गुटके, अखिल बावणे और धर्मपाल मनोहर के नाम शामिल हैं। इस धमाके की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कंपनी के सामने स्थित नागपुर-अमरावती राष्ट्रीय राजमार्ग और उसके पार के खेतों में मलबा मिला। धमाके के बाद इमारत के बड़े-बड़े कंक्रीट के टुकड़े कंपनी की सुरक्षा दीवार पार कर राजमार्ग और उसके पार के खेतों तक जा गिरे।
विदर्भ क्षेत्र में कई सरकारी और निजी कारखाने हैं जहां रक्षा उत्पादन के लिए बारूद, बम और अन्य हथियार बनाए जाते हैं। लेकिन इन फैक्ट्रियों में हादसे नई बात नहीं है। पिछले दो साल में नागपुर और आसपास के विस्फोटक कारखानों में हुए अलग-अलग हादसों में 20 से ज्यादा कर्मचारियों की जान जा चुकी है।
दो साल में 20 से ज्यादा ने गंवाई जान
पिछले हादसों पर नजर डालें तो 17 दिसंबर 2023 को इसी कंपनी में हुए विस्फोट में नौ कर्मचारियों की मौत हुई थी और 3 गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी तरह, 24 जनवरी 2025 को भंडारा जिले के जवाहरनगर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में सात कर्मचारियों की मौत और पांच घायल हुए थे। इससे पहले 13 जून 2024 को अमरावती रोड पर धमना स्थित चामुंडी एक्सप्लोसिव्स कंपनी में हुए विस्फोट में कुल नौ श्रमिकों ने अपनी जान गंवाई थी। 27 जनवरी 2024 को इसी फैक्ट्री में हुए विस्फोट में एक श्रमिक ने अपनी जान गंवाई थी। मई 2016 में वर्धा जिले के पुलगांव स्थित केन्द्रीय गोला-बारूद भंडार में भीषण आग और विस्फोट से सेना के 2 अधिकारियों समेत 17 की मौत हो गई थी। यह घटना आज भी लोगों के जेहन में ताज़ा है।
सोलर एक्सप्लोसिव्स देश की निजी क्षेत्र की सबसे बड़ी विस्फोटक निर्माण कंपनी मानी जाती है। हादसे के बाद से पूरे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विस्फोटक बनाने वाली कंपनियों में लगातार हो रहे इन हादसों ने सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर इनमें सुरक्षा मानकों का पालन कितनी गंभीरता से किया जा रहा है। इन कंपनियों के आसपास रहने वाले स्थानीय लोग लंबे समय से सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता जता रहे हैं, लेकिन हादसे अब भी थम नहीं रहे।




