हेलीकॉप्टर से दुल्हन लेने पहुंचा दूल्हा, गांव में देखने वालों की उमड़ी भीड़

रबूपुरा/नोएडा। ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के रौनीजा गांव में एक शादी लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई। इस शादी में दूल्हा अपनी दुल्हन की विदाई करने के लिए हेलीकॉप्टर लेकर पहुंच गया। दादरी थाना क्षेत्र के गांव भोगपुर निवासी दूल्हा सचिन कुमार अपनी दुल्हन को लेने के लिए हेलीकॉप्टर से गांव रौनीजा पहुंच गया।
जैसे ही दूल्हा दुल्हन को लेने के लिए हेलीकॉप्टर से गांव पहुंचा, वहां पर हेलीकॉप्टर को देखने के लिए गांव वालों की भीड़ जुट गई। हेलीकॉप्टर के लिए जिला प्रशासन से अनुमति मांगी गई थी, जो प्रशासन से मिल गई थी। गांव के रहने वाले बसपा नेता बलबीर आजाद के छोटे भाई जगबीर आजाद की ख्वाहिश थी कि वह अपनी बेटी को शादी के बाद हेलीकाप्टर से विदाई करें। विदाई के समय काफी संख्या में दूल्हा व दुल्हन के रिश्तेदार के साथ-साथ गांव के लोग मौजूद रहे।




