फतेहपुर में 5 किलोमीटर तक घसीट ले गई स्कॉर्पियो, हाईवे पार कर रहे मजदूर की दर्दनाक मौत

Scorpio dragged for 5 km in Fatehpur, laborer crossing the highway died a painful death

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले से रोंगटे खड़े कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां हाईवे पार कर रहे मजदूर को तेज रफ्तार स्कार्पियो ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मजदूर करीब 5 किलोमीटर तक स्कॉर्पियो के नीचे फंसकर घिसटता चला गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर चालक की तलाश में जुट गई है। घटना गुरुवार की देर रात सदर कोतवाली क्षेत्र के कानपुर-प्रयागराज हाईवे स्थित नव्वाबाग के पास की है।
जानकारी के अनुसार, मलवा थाना क्षेत्र के चितौरा गांव निवासी रोहित मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। बताया जा रहा है कि रिश्तेदारी के पड़ोसी गांव में निमंत्रण में गया था। जहां से देर रात करीब साढ़े 12 बजे पैदल घर वापस लौट रहा था। इस दौरान जैसे ही रोहित थाना क्षेत्र के कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर अल्लीपुर गांव के पास पहुंचकर सड़क पार करने लगा, तभी कानपुर की तरफ से तेज रफ्तार आ रही स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। बावजूद इसके चालक ने रफ्तार कम नहीं की और हादसे में रोहित स्कॉर्पियो में फंसकर करीब 5 किलोमीटर तक घिसटता चला गया।
इधर, पीछे से आ रहे अन्य वाहन सवारों की माने तो हादसा इतना भयावह था कि प्रत्यक्षदर्शियों के रोंगटे खड़े हो गए। इस दौरान कार सवार सदर कोतवाली क्षेत्र के नव्वाबाग के पास स्कॉर्पियो छोड़कर मौके से भाग निकले। राहगीरों की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को देने के बाद मौके से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शहर कोतवाल तारकेश्वर राय ने बताया कि दुर्घटना करने वाले वाहन को थाने में खड़ा कराया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button