66 साल का दूल्हा, 57 साल की दुल्हनिया ने लिए सात फेरे… वृद्धाश्रम में बुजुर्गों में पनपी अनोखी प्रेम कहानी
66 year old groom and 57 year old bride tied the knot... A unique love story blossomed among the elderly in an old age home
आगरा/उत्तर प्रदेश। अपनों के ठुकराए दो बुजुर्गों ने एक दूसरे का जीवनसाथी बनने का फैसला कर लिया है। उम्र की चुनौतियां और दुनियादारी की कोई परवाह ना करते हुए वर्ल्ड हैप्पी डे (विश्व प्रसन्नता दिवस) पर दोनों ने एक दूसरे साथ 7 फेरे लेने का संकल्प लिया है। गुरुवार को 57 साल की प्रीति लता और 66 साल के मुन्नालाल दोनों एक दूसरे शादी करेंगे। दोंनों की शादी में रिति रिवाजों के साथ रामलाल वृद्धा आश्रम में होगी।उत्तर प्रदेश आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में रामलाल वृद्धा आश्रम है। यहां 321 वृद्ध रह रहे हैं। कुछ दिनों से आश्रम का माहौल बदला हुआ है। बुजुर्ग लोग गीत संगीत के साथ नाच गा रहे हैं। एक दूसरे के जुबां पर सिर्फ मुन्नालाल और प्रीति लता की बातें हैं। दोनों की शादी की तैयारियों में ज्यादातर लोग जुटे हुए हैं। माहौल देख कर ऐसा लग रहा है कि उनके परिवार में बेटे और बेटी की शादी हो रही है। आश्रम के संचालक शिव प्रसाद शर्मा ने बताया कि गुरुवार को दोनों की शादी होगी। इसके बाद भी दोनों पति और पत्नी की तरह आश्रम में ही रहेंगे।
66 साल के मुन्नालाल जालौन से आगरा रामलाल आश्रम में अपनी मां के साथ रहने आए थे। 90 साल की उनकी मां की देखभाल जब कोई नहीं करता था। परिवार के लोग उन्हें दुत्कारते थे। तो वे अपनी मां को लेकर आश्रम आ गए। करीब एक साल से आश्रम में अपनी मां की सेवा में लगे हैं। वहीं 57 साल की प्रीति लता बुलंदशहर की रहने वाली हैं। उनके पति की मौत हो गई तो बच्चों ने उन्हें घर से निकाल दिया। वे करीब 4 महीने पहले आश्रम आईं थीं।
प्यार, मोहब्बत की कोई उम्र नहीं होती है। जब किसी किसी की जरुरत महसूस होती है। तो एक दूसरे के प्रति लगाव बढ़ता है। इसी बीच प्यार पैदा होता है। प्रीति मुन्नालाल के साथ उनकी बुजुर्ग मां की देखभाल करती हैं। इसी बीच दोनों एक दूसरे के इतने करीब आ गए कि दोनों ने एक साथ रहने का निर्णय कर लिया। ये बातें मुन्नालाल और प्रीति लता ने मुन्नालाल की मां को बताई और मां ने साथ रहने का आशीर्वाद दे दिया। मुन्नालाल अविवाहित हैं। 66 साल की उम्र में वे शादी कर रहे हैं।
रामलाल आश्रम के संचालक शिव प्रसाद शर्मा ने बताया कि आश्रम में पहली बार शादी हो रही है। दोनों की शादी की तैयारियां कई दिनों से चल रही हैं। हल्दी-मेंहदी के साथ दोनों के सात फेरे होंगे। इस शादी में संस्था के लोग और आश्रम में रहने वाले बुजुर्ग गवाह बनेंगे। उन्होंने बताया कि शादी के बाद भी दोनों आश्रम में ही रहेंगे।