फतेहपुर में आशिक मिजाज शिक्षक ने महिला को भेजे आपत्तिजनक मैसेज, बीएसए ने किया सस्पेंड

In Fatehpur, a lovelorn teacher sent objectionable messages to a woman, BSA suspended him

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के एक गवर्नमेंट टीचर की शर्मनाक करतूत सामने आई है, जिसने पूरे शिक्षा विभाग को शर्मसार कर दिया। यहां एक आशिक मिजाज शिक्षक ने एक महिला को आपत्तिजनक मैसेज भेजकर शिक्षक के नाम पर धब्बा लगा दिया। महिला की शिकायत के बाद बीएसए ने शिक्षक को सस्पेंड करके उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, भिटौरा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय बसोहनी में सदर कोतवाली क्षेत्र के रामगंज पक्का तालाब के रहने वाले सुरेश चंद्र सिंह प्रधानाध्यापक हैं। बताया जा रहा है कि बीते 28 जनवरी को एनजीओ की टीम विद्यालय पहुंची थी। टीम में एक महिला भी शामिल थी। इस दौरान टीचर से महिला की कहासुनी हो गई थी। इसके बाद टीम वापस चली गई।आरोप है कि दूसरे दिन शिक्षक सुरेश चंद्र ने महिला के व्हाट्सएप पर एक मैसेज सेंड किया, जो बेहद आपत्तिजनक था। मैसेज में लिखा कि “कल आप मेरे विद्यालय बसोहनी आईं मुझे बहुत अच्छा लगा, आपका बोल्ड रूप काबिले तारीफ था, आपका यह कहना कि मैं गुंडा हूं सच में मेरे अंतर्मन को छू गया, वाकई आप जितनी सुंदर हैं उतनी काबिल भी, आप पहली बार मिली मैं आपकी कितनी तारीफ करूं मेरे पास शब्द नहीं, आपका स्वभाव बहुत अच्छा लगा सच कहूं तो आप मुझे बहुत प्यारी लगीं, आपसे मिलने का मन कर रहा है”।
मैसेज देखते ही महिला के होश उड़ गए। इससे आहत महिला ने प्रधानाध्यापक के इस कृत्य की शिकायत उच्च अधिकारियों से की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने गत 10 मार्च को प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। जवाब माकूल न होने पर 11 मार्च को कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए। इसके बाद भी संतोषजनक जवाब नही मिला।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भारती त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी शिक्षक को स्पष्टीकरण देने को कहा गया था, लेकिन संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दिया। शिक्षक को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए उसे सस्पेंड कर दिया गया है। आरोपी शिक्षक के इस पूरे प्रकरण की विभागीय जांच बीईओ ऐरायां को दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button