शाहजहांपुर में मस्जिद पर लगाया भगवा झंडा, तीन युवक गिरफ्तार

शाहजहांपुर/उत्तर प्रदेश। जिले के थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र में सोमवार की रात में एक धार्मिक स्थल मस्जिद पर लगा झंडा उतार कर फेंक देने तथा भगवा झंडा लगाने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं जिले में हुई एक दूसरी घटना थाना कटरा क्षेत्र की है। यहां राम नाम लिखी झंडी पर मल त्यागने को लेकर पांच लोगों को नामजद करते हुए 12 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।
तीन युवकों ने मस्जिद पर लगा बारावफात का झंडा उतारकर फेंक दियाः मीणा
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने मंगलवार को बताया कि थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के लालबाग चौडेरा में बनी मस्जिद में सोमवार की रात में गांव के ही तीन युवकों ने मस्जिद पर लगा बारावफात का झंडा उतारकर फेंक दिया और उसकी जगह पर भगवा झंडा लगा दिया। गांव के ही रहने वाले फलालुद्दीन ने पुलिस को घटना की सूचना दी इसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई।
मीणा ने बताया कि फलालुद्दीन की तरफ से दी गई तहरीर के आधार पर आरोपी अंकित कठेरिया, रोहित जोशी तथा रोहित सक्सेना के विरुद्ध धारा 295 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल पर रात में ही पुलिसबल को तैनात कर दिया गया था जोकि अभी तक मौके पर तैनात है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे जिन्हें आज गिरफ्तार कर लिया गया है।
जय श्री राम लिखी झंडी पर मल त्यागने पर 12 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज
पुलिस क्षेत्राधिकार तिलहर प्रियांक जैन ने बताया की थाना कटरा के बतलैया गांव में आज दिन में जय श्री राम लिखी झंडी पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने मल त्याग दिया। इसके बाद हिंदू संगठन के लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने तज्जु,शाहनवाज तथा इकबाल, अजमल, शहीद को नामजद करते हुए 12 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि मामले में गंभीरता से जांच की जा रही है। वहीं बतलैया गांव में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। गांव में स्थिति सामान्य है।




