फतेहपुर में सूखे नाले के किनारे मिला बराती का शव
भतीजा बोला- रात एक बजे तक साथ में नाच रहे थे, जांच शुरू

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले में थाना कल्यानपुर क्षेत्र में एक बराती का शव शनिवार सुबह सूखे नाले में संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला है। सूचना पर थानाध्यक्ष कल्यानपुर विनोद कुमार मिश्रा, चौकी प्रभारी चौडगरा उपदेश कुमार, उप निरीक्षक सुमित तिवारी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया।
मृतक की पहचान कुआंखेड़ा,थाना सजेती, जनपद कानपुर नगर निवासी राम सिंह (45) पुत्र फागुनी के रूप में हुई है। परिजनों को जानकारी मिली, तो रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। दादनखेडा गांव के रामनाथ कोरी की पुत्री की शादी में कुआखेड़ा से बरात आई थी। मृतक के भतीजे ने बताया की रात एक बजे तक साथ में नाच रहे थे। पुलिस ने पूरे मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।




