गोरखपुर में होली के दिन बाइक सवार युवक ओवर ब्रिज से 40 फीट नीचे गिरा, मौके पर ही तड़पकर हुई मौत

गोरखपुर/उत्तर प्रदेश। गोरखपुर में 32 वर्षीय एक युवक की बाइक चलाते वक्त ओवर ब्रिज से गिरकर मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक तेज रफ्तार में था, जिससे उसकी बाइक अनियंत्रित हुई। वह उछलकर 40 फिट नीचे गिर गया, जिससे मौके पर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। होली के दिन परिजनों को ऐसी सूचना मिली तो खुशियां मातम में बदल गईं।
तिवारीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सूर्यकुंड ओवर ब्रिज पर 32 वर्षीय बाइक सवार युवक दुर्घटनाग्रस्त होकर मौत के गाल में समा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अनियंत्रित बाइक ओवरब्रिज की दीवार से टकराई और वो 40 फीट नीचे जा गिरा। इस दौरान उसकी बाइक पुल पर ही रह गई, लेकिन युवक फुटबॉल की तरह उछलकर नीचे गिरा। ये देख आसपास भारी संख्या में भीड़ इकट्ठी हो गई, स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना तिवारीपुर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आसपास के लोगों का कहना है कि युवक तेज रफ्तार से बाइक चला रहा था, जो नशे में भी था। इस दौरान उसकी बाइक अनियंत्रित हुई और पुल की दीवार से टकरा गई। तिवारीपुर थाना प्रभारी का कहना है कि युवक की पहचान उमेश कुमार के रूप में हुई है। वह गुलरिया थाना क्षेत्र के करीमनगर का रहने वाला है, उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवक नशे में था या नहीं यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगा।



