लखनऊ के गोमतीनगर में बाजार जा रही महिला को अगवा कर गैंगरेप

सड़क किनारे फेंक गए आरोपी

  • कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ केस
  • पुलिस का कहना- महिला ने बदले बयान
  • चार अक्टूबर की रात की घटना है

लखनऊ/उत्तर प्रदेश। राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में बाजार जा रही एक महिला को तीन लोगों ने अगवा कर उसके साथ गैंगरेप किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए सड़क किनारे फेंक गए। महिला ने थाने पर सुनवाई नहीं होने पर कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। इंस्पेक्टर का कहना है कि महिला का पहले भी मुकदमा दर्ज हुआ था, लेकिन वह बयान में बदल गई थी।हरदोई निवासी महिला पति के साथ गोमतीनगर में रहती है। महिला के मुताबिक चार अक्टूबर को रात बहन के साथ खरगापुर सब्जी मंडी गई थी। वहां से करीब आठ बजे लौटते समय हरदोई खुर्दामदारपुर निवासी अशोक, अनुज और मुन्ना ने उसको पकड़ लिया। विरोध पर मुंह पर गमछा बांध दिया। उसके बाद रेलवे स्टेशन के पास खाली जगह पर गैंगरेप किया। बहन किसी तरह जान बचाकर शोर मचाते हुए सब्जी मंडी की ओर भाग गई। वहां एक बाइक सवार के मोबाइल फोन से पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसके साथ खोजबीन की, लेकिन तब तक आरोपी गैंगरेप करके भाग निकले थे। पीड़िता का आरोप है कि उसने उसी दिन कंट्रोल रूम पर सूचना देने के साथ पुलिस चौकी पर शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उसने 15 अक्टूबर को पुलिस कमिश्नर के ऑफिस में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके चलते उसने कोर्ट में गुहार लगाई। कोर्ट के आदेश पर 24 दिसंबर को तीनों आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज की गई।
गोमतीनगर इंस्पेक्टर का कहना है कि महिला का पहले भी मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन वह 164 के बयान में पलट गई थी। इसके बाद मामले में चार्जशीट लगा दी गई थी। कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button