सौतेली बहन के दुष्कर्म के आरोप को बर्दाश्त न कर सका भाई, तीसरी मंजिल से कूदकर दे दी जान

बल्लभगढ़/हरियाणा। बल्लभगढ़ स्थित तिरखा कॉलोनी में रहने वाले युवक के तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। युवक पर सौतेली बहन ने करीब चार दिन पहले दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। युवक दिव्यांग था।
तिरखा कॉलोनी निवासी मनोज ने बताया कि उनके चाचा नरेश की पत्नी की जलकर मौत हो गई थी। नरेश के पुत्र विपिन कुमार (22) पालन पोषण उसकी दादी ने किया। कुछ समय के बाद चाचा नरेश ने दूसरी शादी मीनू नाम की महिला से की। दूसरी पत्नी से उनको एक बेटी हुई। आरोप है कि सौतेली मां और बहन युवक को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देती थी। इसे लेकर युवक काफी परेशान था।
युवक पिता के मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में अकेला रहता था। बुधवार को उसने अपने कमरे में जाने के लिए सीढ़ियों के गेट की चाबी मांगी लेकिन दोनों ने मना कर दिया। आरोप है कि तंग आकर उसने साथ में बने ताऊ के घर की तीसरी मंजिल से कूद कर जान दे दी।
चचेरे भाई मनोज का आरोप है कि उसे मां-बेटी ने आत्महत्या के लिए मजबूर किया है। थाना सिटी प्रभारी महेंद्र ने बताया कि लड़की की ओर से उनके पास कोई शिकायत नहीं है। युवक के शव का पोस्टमार्टम करवा दिया है। परिजन जो आरोप लगा रहे है उसका उनके पास कोई सबूत नहीं है। इसलिए कोई केस दर्ज नहीं किया गया है।




