दिल्ली में गैंगस्टर काला जठेड़ी संग लेडी डॉन अनुराधा ने लिए फेरे

नई दिल्ली। दिल्ली में आज एक गैंगस्टर कपल शादी के बंधन में बंध गया है। हरियाणा के गैंगस्टर काला जठेड़ी और राजस्थान की लेडी डॉन अनुराधा चौधरी उर्फ मैडम मिंज की पुलिस सुरक्षा के बीच शादी हो गई है। दिल्ली के द्वारका में दोनों ने शादी की है। शादी की तस्वीरों में देख सकते हैं कि एक तरफ लेडी डॉन शादी की लाल ड्रेस में नजर आ रही है तो वहीं दूसरी तरफ काला जठेड़ी कुर्ता-पायजामा और सदरी में था। अपनी शादी में लेडी डॉन खुद गाड़ी चलाकर पहुंची। शादी में परिवार के लोग भी मौजूद रहे। शादी में पुलिसवाले बराती बने।
काला और अनुराधा चार साल से प्रेम संबंधों में हैं। शादी के बाद अनुराधा परिवार के साथ चली जाएगी। वह पहले से जमानत पर है। पुलिस के मुताबिक, अनुराधा तलाकशुदा है। वर्ष 2006 में उनकी मुलाकात शेखावाटी कॉलेज, सीकर के लेक्चरार फेलिक्स दीपक मिंज से हुई थी। दोनों ने मई, 2007 में शादी की थी, लेकिन 2013 में दोनों अलग हो गए थे।
वर्ष 2015 में अजमेर जेल में अनुराधा की मुलाकात राजस्थान के गैंगस्टर आनंद पाल सिंह से हुई। जेल से बाहर आने के बाद काला के साथ मिलकर अनुराधा ने कई वारदात अंजाम दीं। इसके बाद दोनों छिपने के लिए नवंबर, 2020 में विक्की सिंह (गैंगस्टर आनंद पाल सिंह का भाई, तब तक आनंदपाल मारा जा चुका था) के निर्देश पर इंदौर पहुंच गए। यहां दोनों दंपती की तरह रहने लगे। इस दौरान दोनों में प्यार हो गया। दोनों इंदौर में चार माह तक रहे। काला इस समय तिहाड़ में बंद है। अनुराधा काला के माता-पिता की देखभाल कर रही है।
अदालत ने गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी को महिला गैंगस्टर मैडम मिंज उर्फ अनुराधा चौधरी के साथ शादी करने के लिए हिरासत में पैरोल प्रदान की। काला जठेड़ी और उसकी प्रेमिका को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जुलाई 2021 में सहारनपुर में पकड़ा था। काला को पकड़ने के लिए सात लाख रुपये का इनाम रखा गया था। संदीप पर कथित तौर पर एक संगठित अपराध सिंडिकेट को संचालित करने के लिए महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) सहित कई गंभीर आरोप हैं।
अदालत ने अधिकारियों को 12 मार्च को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे के बीच संदीप को उसके विवाह समारोह में ले जाने का निर्देश दिया, साथ ही दिल्ली पुलिस को सुरक्षा सुनिश्चित करने का काम सौंपा। इसके अतिरिक्त उन्हें 13 मार्च को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच गृह प्रवेश समारोह के लिए ग्राम जठेड़ी ले जाया जाना है। संदीप की ओर से थाना द्वारका साउथ में धारा 307 (हत्या का प्रयास), 387 (जबरन वसूली), 120बी (आपराधिक साजिश) और शस्त्र अधिनियम के तहत दर्ज मामले में हिरासत पैरोल के लिए आवेदन दायर किया गया था। संदीप ने अपनी शादी को संपन्न करने के लिए मानवीय आधार पर पैरोल की मांग की, जो उनके परिवार द्वारा 12 मार्च को सुबह 10 बजे निर्धारित की गई है। गृह प्रवेश समारोह 13 मार्च को सुबह 11 बजे गांव जथेरी, सोनीपत, हरियाणा में आयोजित करने की योजना है।




