वैष्णो देवी धाम पर अचानक हुआ स्नोफॉल, चार इंच तक जमी बर्फ,पहाड़ों पर बढ़ी ठंड

सुदेश कुमार,कटड़ा/जम्मू। बीते दो दिनों में मौसम में आए अचानक बदलाव के कारण जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं मां वैष्णो देवी के त्रिकूट पर्वत की ऊपरी चोटियों पर हल्का हिमपात भी हुआ है। ताजा बर्फबारी के कारण एक बार फिर से क्षेत्र में हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। हालांकि, मौसम की इस ठंडक के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है और वे पूरे जोश व श्रद्धा के साथ मां वैष्णो देवी की यात्रा कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, रविवार को दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही, जबकि रात के समय तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहा। इसी दौरान भवन परिसर में करीब 1 से 2 इंच ताजा हिमपात दर्ज किया गया, जबकि भैरव घाटी में लगभग 2 से 3 इंच बर्फबारी हुई। वहीं त्रिकूटा पर्वत की ऊपरी चोटियों पर करीब 3 से 4 इंच तक बर्फ जमी देखी गई। हालांकि, भवन परिसर और भैरव घाटी में पड़ी बर्फ जल्द ही पिघल गई, लेकिन ऊपरी पहाड़ियों पर ताजा बर्फबारी का दृश्य सोमवार दोपहर तक बना रहा। सोमवार को सुबह से मौसम में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिला।
दोपहर तक आसमान में बादलों का जमावड़ा बना रहा, लेकिन इसके बाद मौसम साफ हो गया। मौसम में आए बदलाव के कारण कटड़ा से चलने वाली हेलीकॉप्टर सेवा दोपहर तक बीच-बीच में प्रभावित रही, हालांकि बाद में सेवा सुचारू रूप से शुरू कर दी गई। वहीं बैटरी कार सेवा और रोपवे (केबल कार) सेवा श्रद्धालुओं के लिए लगातार उपलब्ध रही। त्रिकूट पर्वत पर हुई ताजा बर्फबारी को लेकर श्रद्धालु भी खासे उत्साहित नजर आए।
बर्फबारी का आनंद लेने के लिए सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पंजीकरण करवाकर भवन की ओर प्रस्थान किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी मार्गों पर श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस विभाग, सीआरपीएफ तथा आपदा प्रबंधन दल के अधिकारी और जवान तैनात हैं तथा लगातार यात्रा पर नजर रखे हुए हैं।
26, 300 श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शन करने के बाद भवन से रोपवे के माध्यम से भैरव घाटी भी पहुंच रहे हैं, जहां वे भैरवनाथ के दर्शन के साथ-साथ त्रिकूट पर्वत पर हुई ताजा बर्फबारी का आनंद लेते दिखाई दे रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार 15 मार्च को 26,300 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दर्शन किए, जबकि 16 मार्च सोमवार को शाम पांच बजे तक लगभग 17,500 श्रद्धालु पंजीकरण करवा कर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। श्रद्धालुओं का लगातार आगमन जारी है और यात्रा पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button