फतेहपुर में ढाई कुंतल प्रतिबन्धित मछली के साथ दो गिरफ्तार, 3 आरोपी मौके से फरार

सत्येंद्र शुक्ला,(फतेहपुर/उत्तर प्रदेश)। फतेहपुरके खखरेरू थाना क्षेत्र के कोट गांव से 12 किलोमीटर दूर यमुना नदी में चोरी-छिपे प्रतिबंध के बावजूद मत्स्य आखेट करने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक पिकअप से थर्माकोल के डिब्बों में पैक करीब ढाई कुंतल जिन्दा मछली बरामद करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं तीन लोग मौके से भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की सूचना मत्स्य विभाग को दी। सहायक निदेशक मत्स्य ने पकड़ी गई मछली की नीलामी करा दी।
खखरेरू थाना क्षेत्र के कोट गांव से करीब 12 किलोमीटर दूर यमुना नदी में चोरी-छिपे मत्स्य आखेट किया जा रहा था। मत्स्य आखेट की सूचना जैसे ही पुलिस को लगी तो उपनिरीक्षक हजारीलाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एक पिकअप में 10 थर्माकोल के डिब्बों में रखी गई करीब ढाई कुंतल जिन्दा मछली बरामद करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों के नाम प्रदीप कुमार बिंद (23) पुत्र सुखविलास और मनु कुमार बिंद (21) पुत्र श्यामाकांत बिन्द हैं, जो रामपुर थाना रेवती जनपद बलिया के निवासी हैं।
तीन अन्य अभियुक्त, शाहिद पुत्र अबरार निवासी कोट थाना खखरेरू, राममिलन निषाद पुत्र सुगमा थाना किशनपुर और शमशेर पुत्र रहीस निवासी पनी सदर कोतवाली फतेहपुर, भागने में सफल रहे। पुलिस ने फिशरीज़ एक्ट की धारा 6 की उपधारा 3 के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की सूचना मत्स्य विभाग को दी। मौके पर पहुंचे सहायक निदेशक मत्स्य गिरीश चंद्र यादव ने ढाई कुंतल मछली की नीलामी करते हुए दस हज़ार रुपये राजस्व में जमा कराए। पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्तों को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया।




