लड्डू-इमरती बना रहे थे राहुल गांधी, दिल्ली में मिठाई वाले ने छेड़ दी शादी की बात

नई दिल्ली/एजेंसी। लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दिवाली से पहले दिल्ली की मशहूर घंटेवाला मिठाई की दुकान पर पहुंचे। उन्होंने न सिर्फ मिठाइयों का स्वाद लिया, बल्कि खुद मिठाई बनाने का हुनर भी आजमाया। इस दौरान दुकान के मालिक सुशांत जैन ने मजाक में उनकी शादी की बात भी छेड़ दी और शादी की मिठाइयों का ऑर्डर पक्का करने की इच्छा जताई। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर अपने इस खास दौरे का वीडियो भी शेयर किया है।
राहुल गांधी ने घंटेवाला की सैकड़ों साल पुरानी विरासत को करीब से देखा और इमरती और बेसन के लड्डू बनाने में हाथ आजमाया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी इस अनोखी मुलाकात का जिक्र करते हुए लिखा, “पुरानी दिल्ली की घंटेवाला मिठाई की दुकान पर मैंने इमरती और बेसन के लड्डू बनाए। इस ऐतिहासिक दुकान की मिठास आज भी वैसी ही है शुद्ध, पारंपरिक और दिल को छूने वाली। दीवाली की असली मिठास सिर्फ थाली में नहीं, बल्कि रिश्तों और समाज में भी है।”
दुकान के मालिक सुशांत जैन ने राहुल की इस मुलाकात को यादगार बताया। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी अपने घर, दोस्तों और रिश्तेदारों के लिए मिठाई लेने आए थे। मैंने कहा, ‘सर, यह आपकी अपनी दुकान है, स्वागत है।’ उन्होंने कहा कि वे खुद मिठाई बनाना चाहते हैं और स्वाद भी चखना चाहते हैं। उनके पिता स्वर्गीय राजीव गांधी को इमरती बहुत पसंद थी, तो मैंने कहा, ‘सर, इमरती बनाइए।’ फिर उन्होंने बेसन के लड्डू भी बनाए।” सुशांत ने हंसी-मजाक में राहुल की शादी का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा, ‘राहुल जी, जल्दी शादी कीजिए, हम आपकी शादी की मिठाइयों का ऑर्डर लेने को तैयार हैं।’




