दिल्ली के कालकाजी मंदिर में बड़ा हादसा, जागरण के दौरान गिरा स्टेज, भगदड़ में महिला की मौत, 17 घायल

  • दिल्ली के कालकाजी मंदिर में जागरण के दौरान गिरा स्टेज
  • हादसे के बाद भगदड़, एक महिला की मौत, 17 लोग घायल
  • मशहूर सिंगर बीप्राक का था कार्यक्रम, मौके पर काफी भीड़ थी

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के कालकाजी मंदिर परिसर में बड़ा हादसा हुआ है। मंदिर में जागरण के दौरान देर रात कीर्तन वाली स्टेज गिर गया। इस हादस में एक महिला की मौत की खबर है, वहीं 17 लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां पहुंच गईं। हादसे के बाद मंदिर में भगदड़ मच गई। घायलों को दिल्ली के अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार रात करीब 1 बजकर 20 मिनट पर हुआ, जब मंदिर परिसर में जागरण और कीर्तन चल रहा था। मंदिर में काफी श्रद्धालु जुटे थे। इसी दौरान अचानक कीर्तन वाला स्टेज गिर गया और मंदिर में भगदड़ मच गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई और 17 लोग घायल हो गए। घायलों को दिल्ली के एम्स, सफदरजंग और मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है।
17 घायलों में से 8 की पहचान हुई
फायर डायरेक्टर अतुल गर्ग ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया की फायर कंट्रोल रूम को देर रात 12:47 बजे के आसपास सूचना मिली थी। कालकाजी मंदिर में जागरण का स्टेज गिर गया है। उसके नीचे कई लोग दब गए हैं। मौके पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां भेजी गई। जो घायल हुए हैं उनकी पहचान कमला देवी (60 ), शीला मित्तल (81), सुनीता (5), हर्ष (21), अलका वर्मा (33), आरती वर्मा (18), रिशिता ( 17),0 मनु देवी (32) के रूप में हुई है। बाकी और घायलों की पहचान की जा रही है।
इस मामले में डीसीपी साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट राजेश देव ने पुष्टि करते हुए बताया कि कालकाजी मंदिर परिसर में माता का जागरण महंत परिसर में आयोजित किया गया था। जो पिछले 26 सालों से यहां पर आयोजित हो रहा है। लेकिन इस जागरण को लेकर कोई भी परमिशन नहीं दिया गया था। लॉ एंड ऑर्डर मेंटेन करने के लिए पुलिस की टीम तैनात की गई थी। रात में डेढ़ हजार से ज्यादा लोग जागरण के दौरान मौजूद थे। जो स्टेज बना हुआ था वह लोहे के फ्रेम पर लकड़ी से बना हुआ था। देर रात 12:30 बजे के दौरान अचानक स्टेज गिर गया और लोग इसकी चपेट में आ गए।
मशहूर सिंगर बीप्राक की परफॉर्मेंस थी
सूत्रों के अनुसार, जागरण में मशहूर सिंगर बीप्राक पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि भीड़ स्टेज की ओर बढ़ने लगी। इसी दौरान मंच गिर गया और मंदिर परिसर में भगदड़ की स्थिति हो गई। इस कार्यक्रम के लिए प्रशासन ने अनुमति नहीं दी थी। इस कार्यक्रम में 1500 से ज्यादा लोग मौजूद थे। ये जागरण पिछले 26 सालों से आयोजित हो रहा है।
इस मामले में पुलिस ने 337/304ए/ 188 आईपीसी के तहत एफआईआर दर्ज किया गया है। मौके पर क्राइम टीम को बुला करके छानबीन कराई गई। जो घायल हुए हैं, उन सभी की हालत स्टेबल है। इनमें से कुछ लोगों को शरीर के अलग-अलग भाग में फ्रैक्चर हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button