सेहत बनाने की चाह में बदमाश बना युवक, जिम सप्लीमेंट की उधारी चुकाने के लिए रची लूट की साजिश, छह गिरफ्तार

गाजियाबाद। जिम सप्लीमेंट का इस्तेमाल करके सेहत बिगाड़ने वालों की तो कई खबरें आपने पढ़ी होंगी। मगर पुलिस ने एक ऐसे बदमाश को पकड़ा है जो इसी सप्लीमेंट के चक्कर में लुटेरा बन गया। अब न तो उसकी सेहत सुधरी और न ही भविष्य। दरअसल, लोनी बॉर्डर पुलिस ने 18 जनवरी को लालबाग मंडी के पास मार्बल व्यापारी केसरी सिंह से हुई लूट का पर्दाफाश कर दिया है। इस लूटकांड में कुल नौ बदमाश शामिल थे, जिनमें से छह गिरफ्तार कर लिए गए हैं। इनमें से एक आरोपित जिम सप्लीमेंट का बकाया चुकाने के लिए लूट की योजना बनाई थी। यह सुनकर पुलिस भी सोच-विचार में पड़ गई।
पुलिस ने बताया कि लूटकांड के पीड़ित ने दावा किया था कि उनसे लूटे गए बैग में करीब तीन लाख रुपए थे। हालांकि, जांच में सामने आया कि बैग में मात्र 75 हजार रुपए थे। बदमाशों से 67 हजार रुपए बरामद हुए हैं। घटना में कुल नौ बदमाश शामिल थे जिनमें से छह गिरफ्तार किए हैं। पकड़े गए एक आरोपित ने जिम सप्लीमेंट का बकाया चुकाने के लिए लूट की योजना बनाई थी।
डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपित लोनी निवासी अमन गुर्जर, मोनू गुप्ता, वसीम, हर्ष, फैसल और मयंक हैं। इनके तीन साथी निखिल, अनमोल व एक अन्य फरार हैं। डीसीपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपितों का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। व्यापारी केसरी सिंह के पास की दुकान में काम करने वाले हर्ष ने रेकी की थी। उसने अपने अन्य दोस्तों को एकत्र किया और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया।
अमन गुर्जर ने बताया कि वह और हर्ष जिम में जाते थे। जिम संचालक के सप्लीमेंट के 10 हजार रुपये बकाया थे। इसलिए वह लूट की योजना बनाकर बकाया चुकाना चाहता था। 16 जनवरी को इस गिरोह ने दयालपुर दिल्ली निवासी मार्बल कारोबारी केसरी सिंह से लूटपाट की थी। बता दें कि पीड़ित के अनुसार, बदमाशों ने लालबाग सब्जी मंडी में केसरी सिंह की रेकी की और कामगार रवि के साथ स्कूटी पर घर जाते समय रोक लिया। डंडों से रवि के सिर पर प्रहार किया और ढाई लाख रुपये से भरा बैग लेकर भाग गए।
पीड़ित ने पुलिस काे लूट की रकम करीब तीन लाख रुपये बताई थी, लेकिन जब बदमाश पकड़े गए तब उन्होंने बताया कि उन्हें बैग में 75 हजार रुपये मिले थे। बाद में पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उनके पास सेल्फ का चेक और नकदी थी। इसलिए उन्होंने कुल रकम पुलिस को बताई थी। बदमाशों से लूटपाट के 67500 रुपये, दो डंडे और दो बाइक बरामद की गई हैं। एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि आरोपितों ने दो बार अन्य लोगों के साथ लूट का प्रयास किया था, लेकिन सफल नहीं हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button