कांग्रेस विधायक का नोट की गड्डियों के सामने बैठा होने का वीडियो वायरल, भाजपा ने कार्रवाई की मांग की

छत्तीसगढ़ डेस्क। छत्तीसगढ़ के एक कांग्रेस विधायक के कथित तौरपर नोट के कई बंडल के सामने बैठे होने का वीडियो वायरल होने से राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य में ‘भ्रष्टाचार’ का आरोप लगाया है जबकि सवालों के घेरे में आए विधायक ने इसे उनकी छवि खराब करने की साजिश करार दिया है। छत्तीसगढ़ के भाजपा महासचिव ओपी चौधरी ने रविवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल से इस वीडियो को साझा करते हुए दावा किया कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार की गुफा बना दी है। कथित वीडियो क्लिप में दिख रहा है कि विधायक रामकुमार यादव सोफा पर बैठे हैं और उनके बगल में मौजूद बिस्तर पर नोट की गड्डियां रखी हुई हैं। यादव के साथ एक अन्य व्यक्ति भी बैठा दिखा रहा है जबकि नकदी के पास बिस्तर पर बैठे तीसरे व्यक्ति का चेहरा दिखाई नहीं दे रहा है।
चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, ‘‘कांग्रेस क्या इस वीडियो को स्वीकार करेगी जिसमें उसके विधायक के सामने नोट की गड्डियां रखी हुई हैं या उसे इस वीडियो पर कोई आशंका है। क्या वह इस मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने का हिम्मत दिखाएगी।’’ उन्होंने कहा कि चंद्रपुर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले यादव खुद को गरीब के तौर पर पेश करते हैं और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिले मकान में रहते हैं। भाजपा नेता ने कहा, ‘‘यादव के दावे के मुताबिक उनके दादा और पिता मवेशी चराने का काम करते थे, लेकिन उनके सामने रखे नोट के बंडल का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘सभी कांग्रेसियों ने गत पांच साल में छत्तीसगढ़ को लूटा है। कांग्रेस की संस्कृति भ्रष्टाचार और माफिया राज की है …ताप विद्युत घरों से निकलने वाली राख, रेत, कोयला, शराब सहित सभी में माफिया राज है।’’
चौधरी ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के इस वीडियो की ‘सच्चाई’को स्वीकार करने का साहस दिखाना चाहिए और अपनी पार्टी के विधायक के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर बघेल को वीडियो को लेकर कोई आशंका है तो उन्हें इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपनी चाहिए। विधायक रामकुमार यादव ने पलटवार करते हुए वीडियो को उनकी छवि को धूमिल करने की साजिश करार दिया। उन्होंने कहा,‘‘कुछ सामंतवादी यह नहीं पचा पा रहे हैं कि गरीब का बेटा विधायक बन गया है।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘जिन्होंने वीडियो पोस्ट किया है वे ही इसके पीछे की मंशा बता सकते हैं। ना तो मैं पैसों को देख रहा हूं और ना ही मेरा ध्यान उस ओर था। मैं केवल वहां बैठा था और मुझे कुछ बताया जा रहा था। ऐसा प्रतीत होता है कि उक्त वीडियों को मेरी छवि को धूमिल करने के लिए प्रसारित किया गया क्योंकि मैं गरीब परिवार से आता हूं।’’ वीडियो पर टिप्पणी करते हुए यादव ने सवाल किया, ‘‘अगर मेरी तस्वीर विमान के साथ खींची जाए तो क्या इसका अभिप्राय यह होगा कि मैं उसका मालिक हूं? अगर रामकुमार की तस्वीर विशाल महल के साथ हो तो क्या वह उसका मालिक बन जाएगा?’’ उल्लेखनीय है कि इस साल छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव होना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button