कौशाम्बी के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर ओपीडी का समय अब सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक

सचिन पांडेय,कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। कौशाम्बी जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुव्यवस्थित करने के लिए ओपीडी का समय बदल दिया गया है। अब मरीजों को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक देखा जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि यह व्यवस्था 1 अप्रैल 2026 से लागू होगी और जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों (सीएचसी) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों (पीएचसी) पर इसका पालन किया जाएगा।
सीएमओ ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर स्वास्थ्य केन्द्रों पर पहुंचकर चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि सभी चिकित्साधिकारी और स्वास्थ्य कर्मी समय का कड़ाई से पालन करें ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नए समय निर्धारण का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाना है। सुबह के समय अधिकतर मरीजों की भीड़ रहती है, ऐसे में ओपीडी का समय पहले शुरू करने से उन्हें समय पर इलाज मिल सकेगा। प्रशासन का मानना है कि इस बदलाव से ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को विशेष सुविधा होगी, क्योंकि वे सुबह जल्दी स्वास्थ्य केन्द्रों तक पहुंचकर उपचार प्राप्त कर सकेंगे। इस व्यवस्था से स्वास्थ्य केन्द्रों पर भीड़ का दबाव कम होगा और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में आसानी होगी।




