बाढ़ बढ़ा रही दिल्लीवालों की मुसीबत, यमुना का जलस्तर बढ़ने के बाद लोगों को सुरक्षित जगहों पर किया जा रहा शिफ्ट

मंगलवार को पार हुआ खतरे का निशान

नई दिल्ली। हथिनी कुंड बैराज से लगातार छोड़े जा रहे पानी ने खतरे की घंटी बजा दी है। हर घंटे यमुना का जलस्तर बढ़ता जा रहा है। दिल्ली में पुराने रेलवे पुल (ओआरबी) पर बुधवार अपराह्न एक बजे यमुना नदी का जलस्तर 207 मीटर तक बढ़ जाने के कारण निचले बाढ़ग्रस्त इलाकों से 7,500 से अधिक लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
अधिकारियों ने यह जानकारी दी। निकाले गए लोगों को 25 स्थानों पर ठहराया गया है, जहां राहत शिविर स्थापित किए गए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि पांच जिलों पूर्व, उत्तर, दक्षिण-पूर्व, उत्तर-पूर्व और मध्य दिल्ली से 7,500 से अधिक लोगों को निकाला गया है। उन्हें 25 जगहों पर बने राहत शिविरों में पहुंचाया गया है, जिनमें तंबू, स्कूल आदि शामिल हैं।
दिल्ली में यमुना नदी मंगलवार को निकासी के निशान को पार कर गई थी, जहां जलस्तर 206.03 मीटर दर्ज किया गया था और तब से इसमें वृद्धि हो रही है। जलस्तर बढ़ने के कारण, जिला प्रशासन निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहा है और ओआरबी को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने बताया कि जलस्तर बढ़ने का मुख्य कारण वजीराबाद और हथिनीकुंड बैराज से हर घंटे छोड़े जा रहे पानी की भारी मात्रा है। पूर्वानुमान के अनुसार जलस्तर में और वृद्धि हो सकती है।सुबह आठ बजे हथिनीकुंड बैराज से नदी में 1.62 लाख क्यूसेक और वजीराबाद बैराज से 1.38 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button