दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने इहबास अस्पताल का किया निरीक्षण, इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार का दिया भरोसा

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को पूर्वी दिल्ली स्थित ‘इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन बिहेवियर एंड अलाइड साइंसेज’ ( इहबास ) हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। यह अस्पताल दिमागी रोगों के लिए और राजधानी के प्रमुख न्यूरोलॉजी सेंटर के रूप में प्रचलित है। इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल की जर्जर स्थिति और इंफ्रास्ट्रक्चर पर गंभीर चिंता जताई हैं।
सीएम रेखा गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में कहा, ”यह हॉस्पिटल काफी पुराना है। पिछली सरकारों ने न तो डॉक्टरों की स्थिति पर ध्यान दिया और न ही अस्पतालों के इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने की कोशिश की। हमारी सरकार का पहला लक्ष्य होगा कि यहां की बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त किया जाए, ताकि मरीजों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल के वार्ड, ओपीडी, आपातकालीन सेवाओं और दवाओं की उपलब्धता का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों की सुविधा के लिए जरूरी उपकरण और संसाधन तुरंत उपलब्ध कराए जाएं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह अस्पताल न सिर्फ दिल्ली, बल्कि एनसीआर के मरीजों को भी न्यूरोलॉजिकल समस्याओं के लिए इलाज उपलब्ध कराता है। मुझे इहबास को लेकर कई शिकायतें मिली थीं। यहां 2012 से एमआरआई मशीन नहीं है और सीटी स्कैन मशीन भी उपलब्ध नहीं है। एक्स-रे की सुविधाएं भी सीमित हैं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस संस्थान के लिए नए भवन का निर्माण करेगी और चालू वित्त वर्ष में एमआरआई, अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन जैसी जांच सुविधाओं का इंतजाम किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले समय में दिल्ली के सभी सरकारी अस्पतालों का स्तर बेहतर करने के लिए एक विशेष कार्ययोजना पर काम शुरू हो चुका है। दौरे में कृष्णा नगर से विधायक अनिल गोयल भी मौजूद रहे।
विधायक अनिल गोयल ने कहा; ”मुख्यमंत्री के निरीक्षण के बाद उन्हें भी अस्पताल की वास्तविक स्थिति देखकर चिंता हुई। इहबास हॉस्पिटल की व्यवस्था बेहद खराब स्थिति में है। लेकिन अब यह दिल्ली का सबसे सुंदर और आधुनिक अस्पताल बनकर खड़ा होगा। यहां नए ब्लॉक भी बनाए जाएंगे और मरीजों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।” बता दें कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि भाजपा की सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आईबीएस अस्पताल सहित राजधानी के अन्य अस्पतालों में भी बड़े पैमाने पर सुधार दिखाई देंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button