शराब का ऑनलाइन फर्जी ठेका, रिटा. आईपीएस की बेटी को भी नहीं बख्शा

ग्रेटर नोएडा। साइबर ठग अब फर्जी ढंग से शराब का ऑनलाइन ठेका चला रहे हैं। गिरोह ग्रेटर नोएडा के मुख्य बाजार जगत फार्म का पता और गूगल पर अपना नंबर देकर लोगों से ठगी कर रहा है। हाल ही में बीटा-2 थाना क्षेत्र में रहने वाले रिटायर्ड आईपीएस की बेटी से 66 हजार रुपये ठग लिए। आईपीएस की बेटी ने होली पर गिफ्ट करने के लिए कीमती शराब की बोतलों की ऑनलाइन खरीदारी की थी। मामले में बीटा-2 थाना पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।
बीटा-2 थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में रिटा. आईपीएस की बेटी ने कहा है कि होली पर गिफ्ट देने के लिए उन्हें शराब की बोतल की आवश्यकता पड़ी। उन्होंने बाजार जाने के बजाय ऑनलाइन शॉपिंग करने के लिए गूगल सर्च किया। इससे उन्हें जगत फार्म का पता लिखी एक शॉप से ऑनलाइन शराब खरीदने व होम डिलिवरी की जानकारी मिली। उन्होंने दिए गए नंबर पर कॉल की। कॉल रिसीव करने वाले ने अपना नाम अभिमन्यु राघव बताकर शराब की बोतलों की कीमत 44 हजार रुपये बताई। कॉल रिसीव करने वाले ने कहा कि इसके लिए उन्हें आधे रुपये यानि 22 हजार एडवांस भुगतान करना पड़ेगा और शेष कैश ऑन डिलिवरी देना होगा। आरोपी के भेजे गए क्यूआर कोड को स्कैन कर आईपीएस की बेटी ने 22 हजार रुपये दिए गए नंबर पर हस्तांतरित कर दिए। इसके बाद आरोपी ने कॉल कर कहा कि उन्हें भुगतान प्राप्त नहीं हुआ है।
तकनीकी खामी के कारण वह अटक गया जो वापस उनके खाते में लौट जाएगा। आरोपी ने अब पूरे 44 हजार रुपये मांग लिए। आरोपी पर विश्वास कर एक बार फिर 44 हजार आरोपी के खाते में हस्तांतरित कर दिए। ठगी की जानकार होने पर गृह मंत्रालय की हेल्पलाइन व पुलिस से शिकायत की गई। बीटा-2 थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में रिटा. आईपीएस अफसर की बेटी की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साइबर सेल से खातों आदि की डिटेल मांगी गई है। मामले में जल्द गिरफ्तारी होगी। वहीं रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी से भी बात की। अधिकारी ने कहा कि पुलिस आरोपियों को ट्रेस करने में लगी है। जल्द गिरोह पकड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आरोपियों के नंबर आदि गूगल से हटा दिए हैं।




