खोड़ा के बाद अब गरिमा गार्डन में सड़क पर पढ़ी गई जुमे की नमाज

गाज़ियाबाद। टीला मोड़ थाना क्षेत्र के गरिमा गार्डन में शुक्रवार को सड़क पर जुमा की नमाज पढ़ी गई। इसकी तस्वीर और वीडियो इंटरनेट मीडिया व्यापक रूप से प्रसारित हुआ। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। इसके पहले चार नवंबर को खोड़ा में सड़क पर नमाज पढ़ी गई थी। मस्जिद के इमाम मोहम्मद नाजिर हुसैन के खिलाफ अतिक्रमण करने की धारा में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। मिली जानकारी के अनुसार, गरिमा गार्डन के मुजम्मिल की 35 वर्षीय पत्नी रिजवाना की शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। उसके मायके पिलखुवा, हापुड़ से लोग यहां आए। दोपहर में कालोनी की मस्जिद के सामने सड़क पर जुमा की नमाज पढ़ी। अखिलेश कुमार मिश्र नामक ट्विटर अकाउंट से इसकी तस्वीर व वीडियो ट्वीट किया गया। लिखा गया कि गरिमा गार्डन गोल चक्कर पर सड़क पर नमाज पढ़ी गई। इसके लिए अनुमति को लेकर सवाल भी किया गया। उसे कई ट्विटर अकाउंट से पसंद व रिट्वीट किया गया। पुलिस ने इसे संज्ञान लेकर छानबीन शुरू की।

पुलिस की जांच में आया कि सड़क पर नमाज पढ़ने वाले मुस्लिम लोग बरेलवी मत के थे। गरिमा गार्डन में इस मत की मस्जिद में कम स्थान था। इस वजह से इन लोगों ने सड़क पर बैठकर नमाज पढ़ी। इस दौरान सड़क से गुजरने वाले लोगों को दिक्कत हुई। पुलिस अधीक्षक नगर द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। विधिक कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को जुमा की नमाज के दौरान मस्जिदों के आसपास पुलिस के तैनात होने का दावा किया जाता है। इस मामले ने इस दावे की पूरी तरह से पोल खोल दी है। इससे साफ हो गया है कि जुमा की नमाज के दौरान यहां पुलिस नहीं थी। पुलिस होती तो सड़क पर नमाज नहीं पढ़ी जाती। इससे स्थानीय पुलिस की लापरवाही सामने आई है। इसके पहले खोड़ा थाना क्षेत्र के दीपक विहार में चार नवंबर को जुमा की नमाज सड़क पर पढ़ने के मामले में भी स्थानीय पुलिस की लापरवाही सामने आई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button