पति ने अधिकारी बनाने को लगा दी जान,एसडीएम बनकर उसने अधिकारी का थाम लिया दामन

प्रयागराज,(उत्तर प्रदेश)। एक मामला प्रयागराज से सामने आया है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पति उच्च शिक्षा दिलवाकर पत्नी को पीसीएस अधिकारी बना दिया, लेकिन पीसीएस अधिकारी बनी पत्नी बेवफा निकली और उसने पति को ही किनारे कर दिया। इतना ही नहीं पति को मरवाने और दूसरे के साथ घर बसाने का प्लान बनाने लगी। ऐसा आरोप पंचायती राज विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पति आलोक मौर्य ने पीसीएस पत्नी ज्योति मौर्य पर लगाया है। वहीं, पीसीएस पत्नी ने पति और उसके परिवार वालों के ऊपर दहेज मांगने, बदनाम करने और उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए धूमनगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। आलोक मौर्य ने मीडया से बातचीत में कहा कि 2009 में उसका पंचायती राज विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पद पर चयन हुआ। पोस्टिंग प्रतापगढ़ में हुई। 2010 में उसकी वाराणसी के चिरई गांव की रहने वाली ज्योति से शादी हुई। ज्योति ने शादी के बाद आगे की पढ़ाई करने की इच्छा जताई। आलोक मौर्य ने उसे सम्बल दिया और अपनी छोटी सी तनख्वाह में से पैसे काटकर उसकी पढ़ाई के लिए रुपये जोड़े। फिलहाल ज्योति मौर्य की पढ़ाई अच्छे से हो गई और उसने पीसीएस की परीक्षा दी। 2015 में जिस दिन उसके घर दो जुड़वा बेटियां हुईं, उसी दिन पीसीएस का रिजल्ट आया और ज्योति का सेलेक्शन पीसीएस में हो गया। पूरे घर में खुशी छा गई। ज्योति मौर्य ने इसका श्रेय अपने पति आलोक मौर्य और ससुर को दिया।
प्रेमी के साथ रंगे हाथों पति ने पकड़ा था
2019 में धूमनगंज के झलवा में ज्योति मौर्य के नाम से आलोक ने पिता के रिटायरमेंट के बाद मिले पैसे से घर खरीदा। सबकुछ ठीक-ठाक चल रहा था। इसी बीच 2020 में मनीष दुबे नाम का व्यक्ति इन दोनों के रिश्तों के बीच खलल डालने आ गया। पति आलोक मौर्य का आरोप है कि उसे अपनी पत्नी पर शक हुआ तो उसने मोबाइल चेक किया। इसमें मनीष दुबे, जोकि होमगार्ड कमांडेंट के पद पर तैनात है, के साथ उसकी पत्नी ज्योति मौर्य का ओपन चैट सामने आया। मना करने पर ज्योति मौर्य ने उग्र रूप धारण कर लिया। आलोक मौर्य ने समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन मामला नहीं सुधरा आलोक मौर्य ने मनीष दुबे की पत्नी से भी संपर्क किया। उसने भी काफी कोशिश की, लेकिन असफल रही। 22 फरवरी 2023 को सरकारी आवास पर पीसीएस पत्नी ज्योति और कमांडेंट मनीष दुबे को रंगे हाथों पकड़ लिया। दोनों ने उसे जान से मारने के लिए दौड़ाया किसी तरह से भागकर वह बच गए।
पत्नी मारने की धमकी दे रही- पति
आलोक वर्मा ने बताया कि उसकी पत्नी ज्योति मौर्य ने होमगार्ड कमांडेंट मनीष दुबे के बांकावे में आकर उसके परिवार के खिलाफ धूमनगंज थाने में मुकदमा भी पंजीकृत करा दिया है। अब ज्योति मौर्य जान से मारने, जेल भिजवाने की धमकी दे रही है। मनीष दुबे ने पत्नी से तलाक लेने के लिए कोर्ट में अर्जी दी है। पीसीएस अधिकारी ज्योति ने भी आलोक मौर्य को तलाक देने की बात कही है।
ज्योति ने 2015 की पीसीएस परीक्षा में 16वीं रैंक हासिल की थी
आलोक मौर्य की पत्नी ज्योति ने वर्ष 2015 की पीसीएस परीक्षा में 16वीं रैंक हासिल की थी। उस समय अधिकारी ने अपनी सफलता का श्रेय पति और ससुर को दिया था। ज्योति वर्मा पीसीएस बनने के बाद जौनपुर, कौशांबी, प्रतापगढ़, प्रयागराज और लखनऊ में तैनात रह चुकी हैं। वर्तमान में बरेली के शुगर मिल में जनरल मैनेजर हैं। मनीष दुबे गाजियाबाद में होमगार्ड विभाग में कमांडेंट है।
पत्नी ने लगाए आरोप
पीसीएस अधिकारी पत्नी ज्योति मौर्य का कहना है कि आलोक मौर्या से उसकी अरेंज मैरिज हुई थी। आलोक के घरवालों ने आलोक मौर्य को ग्राम पंचायत अधिकारी और अन्य भाइयों को भी अधिकारी बता कर शादी की थी, लेकिन बाद में पता चला कि वह सफाई कर्मचारी हैं। उसके साथ धोखा हुआ। आलोक मौर्य बिना उसकी अनुमति के उसके मोबाइल को गलत तरीके से ट्रेस करवा रहा था। मनगढ़ंत अनर्गल आरोप लगाने की वजह से आपस में मनमुटाव बढ़ गया। आलोक मौर्य अपने परिवार के लिए सुविधाओं के साथ पैसे की मांग करता था। न देने पर हमें बदनाम करने और छवि खराब करने की धमकी देता था, जिसको लेकर मैंने धूमनगंज थाने में मई माह पहले मुकदमा लिखवाया था। इसके अलावा जब 3 महीने पहले मैंने तलाक की प्रकिया शुरू की तो इसने अपनी धमकी अनुसार काम करना शुरू कर दिया। अब इस पर हम कानूनी प्रक्रिया के तहत ही जवाब देंगे, जो पति अपनी पत्नी की गलत तरीके से वीडियो बनाए वायरल करने की धमकी दे। उसके साथ कैसे रहा जा सकता है।

पीड़ित पति आलोक कुमार मौर्या ने धूमनगंज थाने में पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ तहरीर दी है। हालांकि पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है। वहीं पीड़ित पति इस मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में भी कार्रवाई की गुहार लगा चुका है। इसके साथ ही एसडीएम पत्नी और उसके होमगार्ड कमांडेंट प्रेमी के खिलाफ भी विभागीय स्तर पर कार्रवाई के लिए होमगार्ड मुख्यालय में शिकायत की है। पीड़ित पति ने अपनी एसडीएम पत्नी पर रिश्वत लेने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं। रिश्वत लेने के सबूत देते हुए कार्रवाई की भी मांग की है। पति ने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी के बीच व्हाट्सएप चैट भी पुलिस को उपलब्ध कराई है।
सीएम ऑफिस के निर्देश मिलने पर जांच शुरू
मुख्यमंत्री कार्यालय ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए पुलिस महानिदेशक को मामले की जांच करने का निर्देश दिया था। पुलिस महानिदेशक की ओर से मामला संदर्भित किए जाने के बाद होमगार्ड मुख्यालय ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। इस बारे में डीजी होमगार्ड बीके मौर्या ने बताया कि महिला के पति की शिकायत पर विभाग की तरफ से जांच शुरू कर दी गई है। प्रयागराज के डिप्टी कमांडेंट संतोष कुमार को जांच सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button