कौशांबी में कंटेनर की टक्कर से स्कॉर्पियो सवार युवक की मौत, दो वाहनों के बीच फंस गई गाड़ी

सचिन पाण्डेय,कौशांबी/उत्तर प्रदेश। कोखराज थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर कसिया के पास शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब पीछे से आ रहे कंटेनर ने स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन आगे चल रहे ट्रक में जा घुसा और स्कॉर्पियो बीच में फंस गई।
अझुवा कस्बा निवासी शिवांश त्रिपाठी (22) पुत्र अजय त्रिपाठी शुक्रवार रात प्रयागराज से अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से घर लौट रहे थे। देर रात करीब दो बजे जब वह कोखराज थाना क्षेत्र के कसिया हाईवे के पास पहुंचे, तभी प्रयागराज से कानपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी स्कॉर्पियो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी और दोनों वाहनों के बीच फंस गई।
हादसे में स्कॉर्पियो चालक शिवांश त्रिपाठी की मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि शिवांश त्रिपाठी प्लाटिंग का काम करते थे और वह अपने पिता के इकलौते पुत्र थे। युवक की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। कोखराज थाना पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




