जैसलमेर में वीरम सिंह को न्याय के लिए 9वें दिन भी धरना जारी, भाटी ने दिया फाइनल अल्टीमेटम

जैसलमेर/राजस्थान। जैसलमेर के लखा गांव में घायल वीरम सिंह को न्याय दिलाने के लिए ग्रामीणों का धरना मंगलवार को 9वें दिन भी जारी रहा। शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने धरनास्थल पर लगातार दूसरी रात खाट पर बिताई। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो कंपनी की साइटों पर काम बंद करवाया जाएगा और प्रशासन की ‘ईंट से ईंट’ बजा देंगे।
19 सितंबर को लखा गांव के वीरम सिंह हाइटेंशन तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज जोधपुर के MDM हॉस्पिटल में चल रहा है। इस हादसे ने इलाके में आक्रोश की चिंगारी भड़का दी। 22 सितंबर से शुरू हुआ धरना अब तेज हो गया है। ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और साधु-संत बड़ी संख्या में धरनास्थल पर जुटकर निजी कंपनी और प्रशासन के खिलाफ गुस्सा जता रहे हैं। ग्रामीण 1 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग पर अड़े हैं।
जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी ने बताया कि कंपनी प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के बीच वार्ता चल रही है। मंगलवार तक ठोस समाधान की उम्मीद है। लेकिन धरनार्थी रामसिंह ने कहा, ‘आश्वासन से काम नहीं चलेगा, हमें न्याय और ठोस कार्रवाई चाहिए।’ ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ, और इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है।
रविंद्र भाटी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा, ‘हमारी मांगें तुरंत पूरी हों, वरना आंदोलन और तेज होगा।’ उन्होंने प्रशासन और कंपनी को चेतावनी दी कि अगर मुआवजा और न्याय नहीं मिला तो काम पूरी तरह ठप कर दिया जाएगा। यह आंदोलन अब क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बन गया है। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि वीरम सिंह को जल्द न्याय मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button