केजरीवाल को देख झूमे भगवंत मान, पहले छूए पैर फिर दी ‘टाइट झप्पी’
नई दिल्ली। पंजाब चुनाव 2022 में आम आदमी पार्टी पार्टी ने सभी पार्टियों को चारों खाने चित्त करते हुए एतिहासिक जीत दर्ज की। 117 विधानसभा सीटों में से 92 सीटें जीतकर आम आदमी पार्टी अब पंजाब में सरकार बनाने जा रही है। पार्टी की ओर से घोषित मुख्यमंत्री पद के दावेदार भगवंत मान जीत के अगले ही दिन दिल्ली में पार्टी के संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलने पहुंचे।इस मुलाकात के बाद से ही केजरीवाल और मान का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें भगवंत मान पूरे जोश में आते दिखाई देते हैं और आते ही केजरीवाल के पैर छूकर आशीर्वाद लेते हैं। इसके बाद केजरीवाल उन्हें उठाकर जोर से गले लगा लेते हैं। दोनों की यह मुलाकात जोश से भरी रही। कई सेकंड तक केजरीवाल मान की पीठ थपथपाते हुए उन्हें गले लगाए रहे। इसके बाद पास खड़े मनीष सिसोदिया भगवंत मान से मिले। सिसोदिया ने भी भगवंत मान को गले लगा लिया। इस दौरान भगवंत मान के साथ आए अन्य विधायकों ने भी केजरीवाल और सिसोदिया से मुलाकात की। भगवंत सिंह मान बुधवार 16 मार्च को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले 12 मार्च शनिवार को पंजाब के राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। इसके साथ ही भगवंत मान ने शुक्रवार देर शाम विधायक दल की बैठक भी बुला ली है।भगवंत मान 16 मार्च को नवांशहर के गांव खटकड़ कलां में शहीद-ए-आजम भगत सिंह को श्रद्धांजलि देने के बाद मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके कई कैबिनेट सहयोगी मौजूद रहेंगे। खटकड़ कलां में शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में पार्टी जल्द ही घोषणा करेगी।