‘जिस इंस्पेक्टर-दरोगा की औकात है, मारकर देखो मुझे, आग लगा देंगे थाने में’, बजरंग दल कार्यकर्ता की धमकी

रामपुर/उत्तर प्रदेश। रामपुर के कैमरी थाना क्षेत्र से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर सामने आया है, जो पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बना हुआ है। वायरल वीडियो में खुद को बजरंग दल का कार्यकर्ता बताने वाला सूरज पटेल कैमरी थाने के अंदर पुलिसकर्मियों से अभद्रता करता और थाने में आग लगाने जैसी गंभीर धमकी देता हुआ दिखाई दे रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा घटनाक्रम थाने में बंद एक व्यक्ति से मिलने को लेकर हुआ। सूरज पटेल बिना किसी पूर्व अनुमति या औपचारिक प्रक्रिया के थाने पहुंचा था। वह सुहेल नामक व्यक्ति से मिलने की जिद करने लगा, जो उस समय पुलिस हिरासत में था। थाने पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे संबंधित विवेचक अथवा ड्यूटी पर तैनात दरोगा से संपर्क करने की सलाह दी।
बताया जा रहा है कि इसी बात पर सूरज पटेल का पारा चढ़ गया। आरोप है कि उसने न केवल पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि गुस्से में आकर थाने में आग लगाने जैसी आपत्तिजनक और गंभीर धमकी भी दे डाली। इस दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
थानाध्यक्ष कैमरी हिमांशु सिंह ने बताया कि घटना के समय वे थाने में मौजूद नहीं थे। उनके अनुसार, पुलिसकर्मियों ने नियमानुसार ही कार्यकर्ता को समझाने का प्रयास किया था, लेकिन वह उत्तेजित होकर गलत भाषा का प्रयोग करने लगा। वीडियो सामने आने के बाद मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंच गया।
वीडियो के वायरल होने और संभावित कानूनी कार्रवाई की आशंका के बीच सूरज पटेल ने एक अलग वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। माफीनामा वीडियो में उसने कहा कि वह आवेश में आ गया था और उसकी किसी भी तरह से पुलिस या कानून व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की मंशा नहीं थी। उसने अपने शब्दों पर खेद जताते हुए भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की बात कही।
वही पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने बताया कि पुलिस द्वारा किसी प्रकार की औपचारिक कार्रवाई शुरू किए जाने से पहले ही संबंधित व्यक्ति ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली थी। मामले की परिस्थितियों और माफीनामे को देखते हुए उसे चेतावनी देकर माफ कर दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button