पाकिस्तानी महिला ने बच्चों के नाम बदले, खुद को बताया सीमा सचिन

नोएडा। पाकिस्तान के कराची से ग्रेटर नोएडा पहुंची सीमा हैदर पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। पबजी गेम के दौरान एक दूसरे के करीब आए ग्रेटर नोएडा के सचिन और पाकिस्तानी महिला सीमा का प्रेम-प्रसंग इस समय सुर्खियों में है। एक तरफ सीमा दावा कर रही है कि उसने काठमांडू के पशुपतिनाथ मंदिर में सचिन के साथ शादी कर ली है। उसने हिंदू धर्म भी अपना लिया है। चार बच्चों के साथ पाकिस्तान से आई सीमा दावा कर रही है कि उसने अपने बच्चों तक के नाम बदल दिए हैं। उन्हें हिंदू नाम दे दिया है। वह केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार से भारत की नागरिकता देने की गुहार लगा रही है। साथ में सीएम योगी आदित्यनाथ से गुजारिश कर रही है कि उसे सचिन के साथ ही रहने दिया जाए। सीमा का कहना है कि अब तो यहीं जीना है और यहीं मरना है। वहीं दूसरी तरफ, उसके पति गुलाम हैदर ने सऊदी अरब से वीडियो जारी कर मोदी सरकार से गुहार लगाई है। उसने सीमा को पाकिस्तान भेजने की मांग की है। अपनी मांग के समर्थन में उसने पाकिस्तान के लोगों का सहयोग भी मांगा है।
जमानत मिलने के बाद लौटे घर
नोएडा कोर्ट से सीमा, सचिन और उसके पिता को जमानत मिल चुकी है। पाकिस्तानी नागरिक को पनाह देने के मामले में शक के आधार पर सचिन और उसके पिता की भी गिरफ्तारी हुई थी। जमानत मिलने के बाद पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर अपने साथी सचिन के साथ बारिश में भीगते हुए शनिवार को ग्रेटर नोएडा के अपने रबूपुरा स्थित घर लौट आई। जेल से बाहर आने के बाद जोड़े ने कहा कि वे खुश हैं और सभी कागजी काम पूरा करने और जल्द ही विधिवत तरीके से शादी के बंधन में बंधने की योजना बना रहे हैं। सीमा ने कहा कि उसने हिंदू धर्म अपना लिया है और उपनाम हैदर छोड़ दिया है। उसने कहा कि सीमा हिंदुओं और मुसलमानों में एक कॉमन नाम है। इसलिए, सचिन ने कहा कि मुझे अपना पहला नाम बदलने की जरूरत नहीं है। मैं खुद को सीमा या सीमा सचिन कहूंगी। हमने अपने बच्चों के नाम बदलकर राज, प्रियंका, परी और मुन्नी रख दिए हैं।
पाकिस्तान में सिंध प्रांत के खैरपुर जिले की निवासी सीमा पहले नेपाल आई थी। इसके बाद 13 मई को उसने बिना वैध कागजात के भारत में प्रवेश किया। सचिन से मिलने और उसके साथ जीवन बिताने के लिए उसने पाकिस्तान में अपने जमीन का एक टुकड़ा भी 12 लाख रुपए में बेच दिया। 13 मई को वह यमुना एक्सप्रेसवे पर बस से उतरी। उसका दावा है कि ससुराल में उसके साथ मारपीट होती थी। इसी के साथ उसने उस अपमानजनक शादी की बेड़ियों को भी तोड़ दिया। सीमा और सचिन अब एक साथ रह रहे हैं।
किराए के मकान में रहते हैं दोनों
सीमा और सचिन अपने माता-पिता के घर से करीब 200 मीटर दूर रबूपुरा में एक किराए के मकान में रहते हैं। दोनों वहां आराम से जीवन गुजार रहे हैं। पहले सीमा ने पड़ोसियों को बताया था कि वह दिल्ली से है और सचिन के साथ शादी की है। उसने उर्दू बोलने से पहले परहेज किया था। अधिकतर हिंदी शब्दों का इस्तेमाल करती है। हालांकि, जल्द ही लोगों को उसकी असलियत के बारे में पता लग गया। पड़ोसियों में कानाफूसी शुरू हो गई कि पड़ोस में एक पाकिस्तानी महिला रह रही है। मामला पुलिस तक पहुंचा तो दोनों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी गई। इसके बाद सीमा और सचिन बल्लभगढ़ भाग गए, लेकिन 4 जुलाई को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
जमानत मिलने के बाद सचिन ने शनिवार को कहा कि वह सीमा के साथ घर आकर खुश है। उसने कहा कि मेरे परिवार के सदस्यों ने सीमा को उसके बच्चों के साथ स्वीकार कर लिया है। मैं यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीमा को भारतीय नागरिकता देने का अनुरोध करता हूं। हम पारंपरिक हिंदू तरीके से शादी आयोजित करने की योजना बना रहे हैं। जोड़े ने कहा कि उन्होंने इसी साल 13 मार्च को काठमांडू में शादी की थी, लेकिन उनके पास इसका कोई दस्तावेज या गवाह नहीं है।
सीमा के पूर्व पति ने जारी किया वीडियो
सीमा के पूर्व पति गुलाम हैदर ने सऊदी अरब से एक वीडियो जारी किया है। वह वहां काम करता है। इसमें उसने कहा है कि इस्लाम या हिंदू धर्म किसी महिला को तलाकशुदा होने तक किसी दूसरे पुरुष से शादी करने की अनुमति नहीं देता है। मैं मोदी सरकार से सीमा को वापस भेजने का आग्रह करता हूं। उसने पाकिस्तान के लोगों से इस मामले में एकजुट हो जाने की अपील की है। हालांकि, सीमा ने दावा किया कि उसका पति उसे फोन पर तलाक दे चुका है। दोनों लंबे समय से संपर्क में नहीं थे।
सचिन के माता-पिता ने कहा कि वे जल्द ही हिंदू परंपरा के अनुसार सीमा और सचिन के लिए गंगा स्नान और एक औपचारिक विवाह समारोह की योजना बना रहे थे। इस जोड़े को अब तक पड़ोसियों से भरपूर समर्थन मिला है। एक पड़ोसी संजय कुमार ने कहा कि अगर वे एक-दूसरे से प्यार करते हैं, तो उन्हें एक साथ रहने की अनुमति दी जानी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button