आगरा के अस्पताल में नर्स से रेप, नाइट ड्यूटी के नाम पर रोक कर रातभर नोचता रहा संचालक

आगरा,(उत्तर प्रदेश)। आगरा के एक अस्पताल में नर्स के साथ रेप का मामला प्रकाश में आया है। नर्स को संचालक ने नाइट ड्यूटी के नाम पर अस्पताल में रोक लिया। इसके बाद रात में उसे नशीला पदार्थ पिला दिया। इसके बाद उसकी इज्जत को तार-तार कर दिया। महिला की शिकायत पर थाना ताजगंज में केस दर्ज किया है। आरोपी अभी फरार है।
देवरी रोड क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने थाना ताजगंज में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि वह देवरी रोड एक अस्पताल में नर्सिंग हेल्पर का काम करती है। इस अस्पताल में पार्टनर राकेश कुमार निवासी ताल सेमरी ने उसे 2 अगस्त की रात को अस्पताल में नाइट ड्यूटी के लिए रोक लिया। रात करीब 11.30 बजे उसे अपने चैंबर में बुलाकर कोल्ड ड्रिंक पिलाई, जिसमें नशीला पदार्थ मिला था। पीते ही उसे चक्कर आ गया। इसके बाद राकेश ने उसके साथ रातभर दरिंदगी की।
विरोध पर फाड़ दिए कपड़े
पीड़िता ने तहरीर में लिखा है कि नशीला पदार्थ पीने के बाद जब उसे चक्कर आने लगा तो आरोपी राकेश उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। इसका विरोध किया तो राकेश ने उसके कपड़े फाड़ दिए और अपनी केबिन में बंधक बनाकर रातभर उसके साथ बलात्कार करता रहा। सुबह होते ही वह अस्पताल से भाग गया। बदहवास हालत में पीड़िता अपने घर पहुंची। उसने बताया कि वह दहशत में थी, इसलिए उसने अपने घर में किसी को कुछ नहीं बताया था। जब परिजनों ने हिम्मत दी तो शिकायत दर्ज कराई है।
तलाश में जुटी है पुलिस
आरोपी राकेश कुमार घटना के बाद से अस्पताल नहीं लौटा है। पीड़िता ने गुरुवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। एसीपी सदर अर्चना सिंह का कहना है कि मामला पंजीकृत कर लिया गया है, लेकिन आरोपी अभी तक फरार है। उसके पकड़ने के लिए दबिशें दी जा रही हैं। पीड़िता के बयान कोर्ट में दर्ज कराए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button