गणतंत्र दिवस से पहले जम्मू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कटड़ा में अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़

रियासी/जम्मू। आगामी गणतंत्र दिवस समारोहों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए जिला पुलिस रियासी द्वारा जिले भर में सघन नाका चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कटड़ा के मस्जिद चौक पर स्थापित नाके के दौरान पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के प्रयास को नाकाम कर दिया।
नाका चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक लाल रंग की स्कूटी (रजिस्ट्रेशन नंबर जेके 20-बी -0856) को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर स्कूटी के फुटरेस्ट पर रखे गए एक काले रंग के कागज़ी बैग से जेके स्पेशल व्हिस्की के 08 क्वार्टर (250-250 एमएल) तथा 01 बोतल (750 एमएल) बरामद की गई।
स्कूटी चला रहे व्यक्ति की पहचान मोहम्मद रफीक पुत्र मोहम्मद शफी, निवासी सुलख अंजी, जिला रियासी के रूप में हुई। इस संबंध में पुलिस थाना कटरा में एफआईआर संख्या 19/2026, धारा 223(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आगे की जांच जारी है।
यह पूरी कार्रवाई एसएचओ पुलिस थाना कटरा इंस्पेक्टर रणजीत सिंह राव के नेतृत्व में, एसडीपीओ कटरा डॉ. भीष्म दुबे एवं एसपी कटरा विपन चंद्रन की कड़ी निगरानी में अंजाम दी गई।
इस अवसर पर एसएसपी रियासी परमवीर सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजनों के मद्देनज़र कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने दोहराया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





