कौशाम्बी पुलिस ने साइबर ठगों पर किया बड़ा प्रहार, एसपी राजेश कुमार की रणनीति से 35 पीड़ितों को 11.84 लाख की वापसी

सचिन पाण्डेय,ब्यूरो चीफ(कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश)। जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए कौशाम्बी पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व और सतत मॉनिटरिंग में साइबर थाना टीम ने कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार 35 लोगों की कुल 11,84,181 रुपये की धनराशि उनके खातों में वापस कराई। मामले में पीड़ितों द्वारा साइबर हेल्पलाइन 1930 और ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। एसपी के निर्देश पर टीम ने तत्काल तकनीकी विश्लेषण कर ठगी में प्रयुक्त बैंक खातों को चिन्हित किया और एनसीआरपी के माध्यम से संबंधित बैंकों से समन्वय स्थापित कर धनराशि होल्ड कराई। विधिक प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद पूरी रकम पीड़ितों को वापस दिलाई गई। इसके अतिरिक्त लगभग 30 लाख रुपये की अन्य संदिग्ध धनराशि भी फ्रीज कर आगे की कार्रवाई प्रचलित है।एसपी राजेश कुमार ने इसे टीमवर्क और त्वरित कार्रवाई का परिणाम बताते हुए साइबर थाना टीम को 25,000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है। उन्होंने आमजन से अपील की कि साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 पर कॉल करें और किसी भी अनजान लिंक या कॉल से सतर्क रहें।




