मेरठ में 2 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद नाले में फेंका

मेडिकल को ले जाते समय पुलिस कस्टडी से भागा आरोपी

मेरठ/उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश में मासूम बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। मेरठ में दो साल की मासूम का अपहरण कर दुष्कर्म के बाद आबू नाले में फेंक कर उसकी हत्या कर दी गई। पीड़ित परिवार ने आरोपी मोइश को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, मेडिकल को ले जाते समय आरोपी पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। इसकी सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
थाना सदर बाजार क्षेत्र के शहीद योगेन्द्र हॉट की शेड में विशाल का परिवार रहता है। इनके जैसे कई अन्य परिवार भी यहां रहते हैं। ये लोग गुब्बारे बेचकर और पन्नियां बीनकर परिवार का गुजार करते हैं। शुक्रवार रात विजय की दो साल की मासूम बेटी परी उसकी पत्नी समोती के साथ सो रही थी। बराबर में ही विजय सोया हुआ था। अचानक विजय की आंख खुली, तो उसने देखा कि परी वहां नहीं है। इधर-उधर देखा और फिर पत्नी को जगाया, तभी बाहर की ओर उसकी नजर पड़ी। उसने देखा कि एक युवक उसकी बेटी को उठाकर भाग रहा है। शोर मचाते हुए विजय ने उसका पीछा किया। विजय और अन्य लोगों को पीछे आते हुए देखकर युवक ने मासूम को आबू नाले में फेंक दिया। भीड़ ने आरोपी को दबोच लिया।
परिवार वालों ने बच्ची को नाले से निकाला, उसको लेकर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर थाना सदर बाजार पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी युवक मोइश को हिरासत में ले थाने ले आई और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस कस्टडी से आरोपी पुलिस जीप से कूदकर हुआ फरार
मासूम से दुष्कर्म कर उसकी जान लेने वाले को पुलिस जब मेडिकल लेकर जा रही तभी आरोपी भैंसाली बस अड्डे के समीप पुलिस वालों से खचाखच भरी जीप से कूदकर भागने में सफल हो गया। इसकी सूचना जैसे ही आला अफसरों को लगी, तो हड़कंप मच गया। उसकी तलाश में कांबिंग शुरू करा दी। पुलिस टीमें उसकी तलाश कर रही थीं, तभी शनिवार शाम करीब आठ बजे पुलिस ने आरोपी को कंकरखेड़ा क्षेत्र में घेर लिया। आरोपी ने पुलिस को देखते ही उसने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की, तो पुलिस की दो गोलियां आरोपी के दोनों पैर में लग गईं और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. विपिन टाडा ने शनिवार रात बताया कि शुक्रवार देर रात सदर बाजार थाना क्षेत्र में परिवार के साथ सो रही दो वर्षीय एक बच्ची को मोइश (20) नामक एक युवक उठा कर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी। इसके पहले शनिवार सुबह पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह ने बताया था कि शुक्रवार देर रात सदर थाना क्षेत्र की झुग्गी बस्ती में एक युवक परिजनों के साथ सो रही दो साल की बच्ची को कथित तौर पर दुष्कर्म करने की नीयत से लेकर भागा, लेकिन परिजनों की आंख खुल गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button