एडीएम शालिनी प्रभाकर ने गैस एजेंसियों व पेट्रोल पंप संचालकों को दिए सख्त निर्देश
उपभोक्ताओं को समय पर गैस आपूर्ति सुनिश्चित करें, अवैध जमाखोरी पर होगी कार्रवाई- एडीएम शालिनी प्रभाकर

सचिन पाण्डेय,कौशांबी/उत्तर प्रदेश। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) शालिनी प्रभाकर ने उदयन सभागार में जनपद की गैस एजेंसियों व पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक कर शासन के निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति बुकिंग के अनुसार की जाए तथा 25 दिन बाद डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) के माध्यम से ही डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। एडीएम ने स्पष्ट कहा कि कहीं भी गैस सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी या संग्रहण न होने पाए। यदि ऐसी कोई जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन को अवगत कराया जाए तथा जरूरतमंद उपभोक्ताओं की सहायता की जाए, जिससे किसी प्रकार की पैनिक स्थिति न बने।बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी मंगेश कुमार मौर्य ने बताया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के वितरण की टीम बनाकर रैंडम जांच कराई जाएगी, ताकि निर्धारित मात्रा व मूल्य पर डिलीवरी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करने या कराने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।




