लूट के माल का बंटवारा न करने पर की साथी युवक की हत्या

दिल्ली ब्यूरो। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में रविवार देर रात हुई युवक आमान की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस संबंध में दो नाबालिगों समेत पांच लड़कों को पकड़ा है। आरोपियों की पहचान मोहित शर्मा, जुनैद और समीर खान के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपी आमान के साथ मिलकर अपराध करते थे। लूटे गए माल के बंटवारे को लेकर आमान से इनका विवाद हुआ था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चार चाकू व अन्य सामान बरामद किया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त संजय कुमार सैन ने बताया कि रविवार देर रात को पुलिस को गश्त के दौरान सी-12, एकता पार्क में एक युवक खून से लथपथ पड़ा मिला।
उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पहचान कबीर नगर निवासी आमान (20) के रूप में हुई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में कुछ लड़के पार्क में दाखिल होते हुए दिखे। सोमवार देर शाम को पुलिस ने नॉर्थ घोंडा निवासी मोहित शर्मा नामक युवक को हिरासत में ले लिया। उसने आमान की हत्या की बात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर जुुनैद व समीर को पकड़ लिया।




