दिल्ली में पुलिसकर्मियों पर हमला, आंखों में मिर्ची पाउडर झोंककर लाठी-डंडों से पीटा
दिल्ली में तीन पुलिसवालों पर एक समूह ने लाठी-डंडे से ताबड़तोड़ हमले कर दिए हैं। इस दौरान महिलाओं को भी देखा गया। इतना ही नहीं आरोपियों ने पुलिसवालों की आंखों में मिर्च पाउडर भी झोंक दिया। मोटरसाइकिल विवाद में इस वारदात को अंजाम दिया गया। इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है।

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में पुलिसकर्मियों पर हमले का मामला सामने आया है। भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र के जनता विहार, मुकुंदपुर इलाके में मोटरसाइकिल को थाने में जमा कराने को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों पर कथित तौर पर मिर्ची पाउडर झोंककर लाठी-डंडों और ईंटों से हमला कर दिया। घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, भलस्वा डेयरी थाने में तैनात हेड कांस्टेबल दिनेश और हेड कांस्टेबल राजेश क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। वाहन जांच के दौरान उन्हें एक ऐसी मोटरसाइकिल मिली, जिसके दस्तावेज सही नहीं थे। पुलिसकर्मियों ने नियमानुसार मोटरसाइकिल को दिल्ली पुलिस अधिनियम की संबंधित धारा के तहत थाने में जमा कराने की कार्रवाई की।
बताया गया कि दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जब पुलिसकर्मी वापस बीट क्षेत्र में पहुंचे तो मोटरसाइकिल के मालिक और उसके परिवार के सदस्यों सहित कुछ लोगों के समूह ने उन्हें रोक लिया। समूह के सदस्यों ने मोटरसाइकिल को थाने ले जाने की कार्रवाई पर सवाल उठाए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि समूह के कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया और इसके बाद ईंटों तथा लाठी-डंडों से हमला किया। पुलिसकर्मियों की मदद के लिए पहुंचे हेड कांस्टेबल टीनू को भी कथित तौर पर निशाना बनाया गया। हमले में तीनों पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। हेड कांस्टेबल दिनेश के सिर में चोट लगी है।
घटना के बाद घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। पुलिस के मुताबिक, उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने मौके से 17 वर्षीय एक किशोर को पकड़ लिया। उसे किशोर कानून के तहत कार्रवाई के लिए संबंधित प्रक्रिया में लिया गया है। वहीं, हमले में शामिल अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इस संबंध में भलस्वा डेयरी थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने फरार आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मामले में मुख्य फरार आरोपी सुनील उर्फ पंकज इलाके का घोषित बदमाश बताया जा रहा है। उसके खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इनमें मादक पदार्थों से संबंधित दो मामले सहित अन्य गंभीर अपराधों के मामले शामिल बताए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही घटनास्थल के आसपास उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।




