घरों में सब्जी पहुंचा रही लड़की को बेटी मानकर कराई शादी

नोएडा की सोसायटी ने पेश की मिसाल

नोएडा। सेक्टर-121 स्थित क्लियाे काउंटी सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी ने एक युवती की शादी कराकर मिसाल पेश की है। पांच वर्ष से सोसायटी में घर-घर सब्जी पहुंचा रही युवती को लोगों ने बेटी माना।सोमवार को सोसायटी के क्लब हाउस में शादी कराई और घरेलू उपयोग का पूरा सामान दहेज के रूप में दिया। शादी का सारा खर्च सोसायटी के लोगों ने उठाया। बता दें क्लियो काउंटी सोसायटी के बाहर दिल्ली के जैतपुर निवासी सतपाल कोरोना काल से सब्जी बेचने का कार्य कर रहे हैं। उनके चार बेटियां और दो बेटे हैं। तीन बेटियों की शादी वह कर चुके हैं। सबसे छोटी बेटी पूजा की शादी क्लियो काउंटी सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी के सदस्यों ने की।
सोसायटी के सदस्य आरके अरोडा ने बताया कि कोरोना काल के दौरान सभी लोग अपने घर पर ही सब्जी मंगाते थे। फोन करने पर पूजा सभी के घर पर सब्जी पहुंचाने के लिए आती थी। उल्लेखनीय है कि कोरोना काल के दौरान उसने सोसायटी के लोगों की काफी मदद की। अगर कोई घर पर अकेला है तो उसके फोन करने पर बिना देरी के पूजा सब्जी पहुंचाती थी। उसके कार्य के प्रति निष्ठा और जिम्मेदारी को मानते हुए सोसायटी के लोगों ने उसको बेटी माना। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं हाेने की वजह से उसकी शादी की जिम्मेदारी सोसायटी के लोगों ने उठाई। सदस्य अनिल पालीवाल ने बताया कि रोहित नाम के युवक से पूजा की शादी की गई है। रोहित पहले सुरक्षाकर्मी की नौकरी करता था, लेकिन अब एक कंपनी में प्राइवेट नौकरी करता है।
सोसायटी के क्लब हाउस में शादी हुई। जिसमें वर-वधू के पक्ष समेत सीनियर सिटीजन सोसायटी के परिवारों के कुल 200 से अधिक लोग शामिल हुए। खाने-पीने का इंतजाम भी सोसायटी के सदस्यों को किया। सोसायटी के लोगों ने घरेलू उपयोग का सभी जरूरी सामान दहेज के रूप में दिया। धूमधाम से दोनों की शादी कराकर ससुराल को विदा किया गया। इस दौरान एमएस अग्रवाल, अश्विनी लांबा, दिनेश शर्मा, प्रमोद गुप्ता, आरसी शर्मा और सोसायटी के अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button