ग्रेटर नोएडा में पिता ने पांच साल की बेटी से किया डिजिटल दुष्कर्म, मां की शिकायत पर केस दर्ज

नोएडा ब्यूरो। ग्रेनो वेस्ट की एक सोसाइटी में पांच साल की बच्ची से डिजिटल रेप का मामला सामने आया है। बच्ची ने पीड़ा होने पर मां को जानकारी दी। पूछताछ करने पर बच्ची ने पिता पर डिजिटल रेप का आरोप लगाया। इसके बाद महिला ने पति के खिलाफ ही बिसरख कोतवाली में शिकायत दे दी। पुलिस का कहना है कि बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराकर केस दर्ज कर लिया गया है। हालांकि, जांच में पता चला है कि दंपती में विवाद चल रहा है। अब सोमवार को बच्ची के बयान दर्ज कराए जाएंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
बिसरख पुलिस के अनुसार, महिला का आरोप है कि 18 जून की रात पति ने पांच साल की बेटी से डिजिटल रेप किया। बच्ची ने निजी अंगों में दर्द होने पर मां को घटना की जानकारी दी। मां ने दर्द होने का कारण पूछा तो बच्ची ने रात को सोते समय डिजिटल रेप की शिकायत की। इस बात पर दंपती में काफी झगड़ा हुआ। इसके बाद महिला ने बिसरख कोतवाली में तहरीर दे दी। बिसरख कोतवाली प्रभारी उमेश बहादुर सिंह का कहना है कि मां की तहरीर के आधार पर पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दंपती में विवाद की बात सामने आ रही है। फ्लैट भी संयुक्त रूप से दंपती के नाम हैं, लेकिन दोनों अलग-अलग कमरे में रहते हैं। एक सप्ताह पहले पति ने कमरे के बाहर कैमरा लगाया था। इसके बाद भी दोनों में विवाद हुआ था।
डिजिट्स शब्द से बना है डिजिटल रेप
डिजिटल रेप शब्द हाल ही में चर्चाओं में आया है। रेप के साथ डिजिटल शब्द सामने आने पर अधिकांश लोग असमंजस में रहते हैं, लेकिन डिजिटल रेप शब्द डिजिट्स शब्द से बना है। इसका अर्थ है उंगली, जो अश्लील हरकत उंगली या अंगूठे से की जाती है, उसे डिजिटल रेप कहा जाता है। इसी माह ग्रेनो वेस्ट के प्ले स्कूल में आयकर अधिकारी की तीन साल की बच्ची से डिजिटल रेप का मामला सामने आया था। अज्ञात आरोपी पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी, लेकिन अब तक आरोपी की पहचान व गिरफ्तारी नहीं हुई है। पिछले माह नोएडा की सेक्टर-39 थाना पुलिस ने 80 साल के बुजुर्ग को डिजिटल रेप के आरोप में गिरफ्तार किया था। बुजुर्ग पर आरोप था कि वह अपनी नाबालिग घरेलू सहायिका से सात साल से डिजिटल रेप कर रहा है।




