लाइटर की गैस से हुआ बवाना की फैक्ट्री में जोरदार धमाका, दो मजदूरों की मौके पर मौत

नई दिल्ली। बवाना में बुधवार शाम प्लास्टिक दाना बनाने की फैक्टरी में जोरदार धमाका हुआ। हादसे में वहां काम कर रहे छह मजदूरों में दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार झुलस गए। मृतकों की पहचान कासगंज के सहावर निवासी अशोक और हरवीर के रूप में हुई है। वहीं धमाके में घायल हुए आगरा निवासी संजीव, दिल्ली निवासी सोनू, ऊषा और कासगंज निवासी भानू को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पहले इन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
लाइटर में बची गैस से हुआ धमाका
शुरुआती जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि सिगरेट जलाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले लाइटर के कबाड़ से प्लास्टिक दाना बनाया जा रहा था। लाइटर में बची गैस की वजह से अचानक धमाका हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा क्राइम टीम और एफएसएल मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने फैक्ट्री को सील कर दिया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अस्पताल में दो लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है।
हुआ काफी तेज धमाका
पुलिस के मुताबिक, हादसा बुधवार शाम करीब 5 बजे सेक्टर-3, बवाना औद्योगिक क्षेत्र की फैक्टरी में हुआ। यहां प्लास्टिक का दाना बनाने का काम होता है। बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर के अलावा पहली मंजिल है। ग्राउंड फ्लोर पर मशीन लगी है। फैक्ट्री में सिगरेट जलाने वाले लाइटर का कबाड़ आया हुआ था। शाम के समय मशीन में लाइटर डालकर उनको दाना बनाने का काम चल रहा था।उसी दौरान अचानक तेज धमाका हो गया।
मशीन के पास मौजूद लोग धमाके की चपेट में आ गए। धमाके की आवाज सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मामले की सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। अग्निशमन विभाग के अधिकारी ने बताया कि फैक्ट्री में आग नहीं लगी थी। धमाके से निकले आग की गोले की चपेट में आने से लोग हताहत हुए। घायलों को पीसीआर और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचा दिया गया, जहां अशोक और हरवीर को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि बाकी चारों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में भानू और ऊषा की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button