कुत्ते का आधार कार्ड हुआ वायरल तो मचा हड़कंप, कलेक्टर ने बताई सच्चाई

ग्वालियर/मध्य प्रदेश। ग्वालियर-चंबल अंचल में एक कुत्ते की चर्चा जोरों पर है। सोशल मीडिया पर एक आधार कार्ड वायरल हो रहा है, जो किसी इंसान का नहीं बल्कि एक कुत्ते का है। कार्ड पर कुत्ते का पता और जन्मतिथि भी लिखी हुई है। कुत्ते का नाम ‘टॉमी जायसवाल’ है।
वायरल फोटो से इलाके में हड़कंप मच गया है। इस मामले को लेकर ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान कहा कि कुत्ते का आधार कार्ड बनने की बात पूरी तरह निराधार है। आधार पोर्टल पर इस तरह का कोई पंजीकरण मौजूद नहीं है। यानी यह कार्ड पूरी तरह फेक है और किसी ने एडिट कर इसे सोशल मीडिया पर वायरल किया है।
बता दें कि वायरल आधार कार्ड पर डबरा के वार्ड-एक सिमरिया ताल इलाके के कैलाश जायसवाल का नाम लिखा है। जब उनसे इस कार्ड के बारे में बात की गई, तो वे खुद हैरान रह गए। उन्होंने बताया कि इस कार्ड के बारे में कोई जानकारी नहीं है। हालांकि कार्ड पर लिखा आधार नंबर उन्हें जाना-पहचाना लगा। जांच करने पर पता चला कि वह नंबर उनके बेटे का मोबाइल नंबर था, जिसे एडिट कर कार्ड में जोड़ा गया था।
कैलाश जायसवाल ने बताया कि उनका एक डॉग था, जिसका नाम टॉमी था। लेकिन डेढ़ साल पहले पैरालिसिस की वजह से उसकी मौत हो चुकी है। हाल ही में उनके बेटे की भी मौत हो गई, जिससे वे बेहद परेशान हैं। ऐसे में वे अपना खुद का आधार कार्ड नहीं बनवा पा रहे, तो कुत्ते का आधार कार्ड बनवाना दूर की बात है। हालांकि प्रशासन ने साफ किया है कि यह कार्ड पूरी तरह फर्जी है और लोगों से अपील की है कि ऐसे फेक डॉक्यूमेंट्स पर विश्वास न करें।




