बिलासपुर में विशालकाय अजगर की सफल सर्जरी, मुंह से निकाला 200 ग्राम का ट्यूमर
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक अजीब मामला सामने आया है। यहां एक विशालकाय अजगर का ऑपरेशन किया गया है। ऑपरेशन कर अजगर के मुंह से ट्यूमर निकाला गया है। फिलहाल उसकी स्थिति में सुधार हो रहा है।

बिलासपुर,छत्तीसगढ़। बिलासपुर जिले में पशु चिकित्सकों की टीम ने एक विशालकाय भारतीय रॉक पाइथन के मुंह का ऑपरेशन कर करीब 200 ग्राम का ट्यूमर निकाला है। सर्जरी में दो घंटे से अधिक समय लगा। चिकित्सकों के अनुसार, ट्यूमर लगातार बढ़ रहा था, जिससे अजगर की स्थिति गंभीर होने का खतरा था। समय रहते ट्यूमर नहीं निकाला जाता तो आगे चलकर कैंसर जैसी गंभीर समस्या की आशंका भी जताई गई थी।
डॉक्टरों ने बताया कि ऑपरेशन के बाद अजगर को ड्रिप लगाई गई है और उसकी सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल उसे विशेष निगरानी में रखा गया है। चिकित्सकों की टीम उसकी देखभाल कर रही है और शुरुआती जानकारी के अनुसार, उसकी हालत में सुधार हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, इस भारतीय रॉक पाइथन का रेस्क्यू सर्पमित्र सत्यम द्विवेदी ने सरगुजा के जंगल से किया था। रेस्क्यू के दौरान अजगर का वजन करीब साढ़े आठ किलोग्राम था। इसी दौरान टीम की नजर उसके गले के पास आई असामान्य सूजन पर पड़ी। सूजन के कारण उसके मुंह के आसपास का आकार भी बढ़ा हुआ दिखाई दे रहा था।
इसके बाद अजगर को जांच के लिए बिलासपुर के पशु अस्पताल भेजा गया। वहां पशु चिकित्सकों ने परीक्षण किया, जिसमें ट्यूमर होने की पुष्टि हुई। ट्यूमर के लगातार बढ़ने और अजगर की सेहत पर संभावित खतरे को देखते हुए डॉक्टरों ने सर्जरी करने का फैसला लिया।
चिकित्सकों के मुताबिक, अजगर के मुंह के पास लगातार सूजन बढ़ रही थी। ऑपरेशन के दौरान विशेष सावधानी बरतनी पड़ी। दो घंटे से अधिक समय तक चली सर्जरी के बाद ट्यूमर को बाहर निकाल दिया गया। ऑपरेशन के बाद अजगर को आवश्यक उपचार दिया जा रहा है और उसकी स्थिति में सुधार की निगरानी की जा रही है।
वन्यजीवों के उपचार के लिहाज से इस सर्जरी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, अजगर के पूरी तरह स्वस्थ होने और आगे की स्थिति के बारे में चिकित्सकीय निगरानी के बाद ही स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।




