हिमाचल में बीजेपी विधायक इंद्र दत्त लखनपाल को महिला ने झूठी कहानी सुनाकर ठग लिया
![]()
हमीरपुर/हिमाचल प्रदेश। हमीरपुर जिले के उपमंडल बड़सर से बीजेपी विधायक इंद्र दत्त लखनपाल को एक महिला ने झूठी कहानी सुनाकर ठग लिया। महिला ने फोन पर भावुक अंदाज में बताया कि उसका बेटा गंभीर रूप से बीमार है और अस्पताल में भर्ती है। इलाज के लिए तुरंत 10 हजार रुपये की जरूरत है। महिला ने यह भी कहा कि उसके पास खुद का फोन नहीं है और वह किसी और के फोन से कॉल कर रही है।
लोगों की मदद के लिए हमेशा आगे रहने वाले विधायक लखनपाल ने तुरंत 10 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध करवा दी। बाद में सच्चाई सामने आने पर पता चला कि महिला का बेटा न तो अस्पताल में भर्ती था और न ही बीमार। असलियत यह थी कि महिला अपने लिए नया मोबाइल फोन खरीदना चाहती थी। जांच में खुलासा हुआ कि उसने बड़सर बाजार की एक दुकान से दुकानदार का फोन लेकर विधायक को कॉल किया और यह पूरा नाटक रच डाला। इस तथ्य की पुष्टि महिला के पति ने भी की है।
विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा कि वे दिन-रात जनता के बीच रहकर लोगों की मदद के लिए तत्पर रहते हैं। चाहे कोरोना महामारी में घर-घर सामान पहुंचाना हो या प्राकृतिक आपदा में राहत कार्य करना, वे हमेशा जनता के साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने अफसोस जताया कि ऐसे धोखे समाज में विश्वास को कमजोर करते हैं और असली जरूरतमंदों की मदद भी प्रभावित होती है। विधायक ने अपील की है कि सहायता के नाम पर किसी के साथ धोखाधड़ी न करें।




